Year Ender 2025: 4 भारतीयों ने इस साल टेस्ट में मचाया गदर, कौन है सबसे ज्यादा रन बनाने वाला खिलाड़ी
Year Ender 2025: इस साल टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम के लिए अंतिम सीरीज खास नहीं रही। टीम इंडिया को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा। रन बनाने के मामले में भारत के कई प्लेयर्स ने धमाका करते हुए गेंदबाजों को रुलाने का काम किया है।
लगातार बेहतरीन फॉर्म में रहने वाले भारतीय प्लेयर्स में शुभमन गिल चमके हैं और सर्वाधिक रन बनाने के मामले में टॉप पर रहे हैं। हालांकि इस साल का अंतिम टेस्ट वह नहीं खेल पाए। गुवाहाटी टेस्ट में वह चोट की वजह से नहीं खेल पाए थे। भारत के टॉप चार सर्वाधिक रन स्कोरर के बारे में यहां बताया गया है।

शुभमन गिल
2025 पूरी तरह से शुभमन गिल के नाम रहा। गिल ने केवल 9 मैचों में 70.21 की शानदार औसत से 983 रन बनाए। वह सालभर 1000 टेस्ट रन बनाने के बेहद करीब थे, लेकिन शीर्ष स्थान पर रहे। उनके बल्ले से निकले 5 शतक और एक दोहरा शतक (269) साबित करते हैं कि वह अब टेस्ट टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज बन चुके हैं। उनकी यह निरंतरता भारतीय मध्यक्रम को मजबूती प्रदान करती है।
केएल राहुल
इस साल केएल राहुल ने 10 मैचों में 813 रन बनाकर अपनी वापसी को शानदार तरीके से भुनाया। 45.16 की औसत से तीन शतकों के साथ, राहुल ने मध्यक्रम में स्थिरता प्रदान की और जरूरत पड़ने पर लंबी पारियाँ खेलीं, 137 रन उनका बेस्ट स्कोर रहा। उनकी परिपक्वता और दबाव झेलने की क्षमता ने भारत को कई मौकों पर मुश्किल से निकाला।
रवींद्र जडेजा
इस सूची में तीसरे स्थान पर ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा का होना यह बताता है कि 2025 में उनका प्रदर्शन कितना असाधारण था। उन्होंने 10 मैचों में 63.66 की बेहतरीन औसत से 764 रन बनाए, जिसमें दो शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं। जडेजा ने निचले क्रम में आकर अक्सर स्कोरबोर्ड को गति दी और जरूरत पड़ने पर विकेट बचाकर टीम को मुश्किल से निकाला, जिससे उनका महत्व दोगुना हो गया।
यशस्वी जायसवाल
युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने 2025 में अपनी प्रतिभा का प्रमाण दिया। 10 मैचों में 745 रन बनाते हुए उन्होंने 39.21 की औसत से तीन शतक जड़े। उनका 175 का उच्चतम स्कोर उनकी आक्रामक शैली को दर्शाता है। जायसवाल ने शुभमन गिल के साथ मिलकर टीम को कई मौकों पर तेज और ठोस शुरुआत दी, जिससे उनका भविष्य उज्जवल दिखता है।












Click it and Unblock the Notifications