Aiden Markram के पराक्रम ने किया कंगारुओं को पस्त, अकेले दम पर 27 साल बाद दिला दी अफ्रीका को ICC ट्रॉफी
WTC Final Aiden Markram: दक्षिण अफ्रीका की क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2023-25 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। इस रोमांचक फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से हराकर पहली बार टेस्ट चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। यह मुकाबला इंग्लैंड के लॉर्ड्स मैदान में खेला गया, जहां एडेन मार्करम और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन ने टीम को जीत दिलाई।
एडेन मार्करम ने खेली 136 रनों की पारी (WTC Final Aiden Markram)
दक्षिण अफ्रीका की इस जीत में एडेन मार्करम का योगदान सबसे बड़ा रहा है। मार्करम ने 136 रनों की पारी खेली और टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। साउथ अफ्रीका की टीम ने इससे पहले साल 1998 में पहली बार ICC चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया था। साउथ अफ्रीका की ये पहली ICC ट्रॉफी थी। अब 27 साल बाद यानी 2025 में टीम को दूसरी आईसीसी ट्रॉफी नसीब हुई है।

27 साल बाद आईसीसी ट्रॉफी में मिली जीत
WTC के अब तक तीन संस्करण हो चुके हैं, और तीनों बार अलग-अलग टीमों ने खिताब जीता है। 2021 में न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर पहला WTC खिताब जीता था, 2023 में ऑस्ट्रेलिया ने फाइनल में भारत को हराया था, और अब 2025 में दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त दी। दक्षिण अफ्रीका की यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि टीम ने 27 साल बाद कोई ICC खिताब जीता है। इससे पहले 1998 में उन्होंने नॉकआउट ट्रॉफी (अब चैंपियंस ट्रॉफी) अपने नाम की थी। अब 2025 में टेस्ट चैंपियन बनकर उन्होंने आईसीसी ट्रॉफी के लंबे सूखे को समाप्त किया है।
दक्षिण अफ्रीका ने बनाया गजब का रिकॉर्ड
यह पहली बार है जब दक्षिण अफ्रीका ने तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे, टी20) को मिलाकर किसी भी वर्ल्ड कप में जीत हासिल की है। यह ट्रॉफी उनके क्रिकेट इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गई है। दक्षिण अफ्रीका के इस 27 साल के अंतराल ने एक और रिकॉर्ड बनाया है। दो ICC ट्रॉफी के बीच इतना लंबा अंतर पहले किसी टीम के नाम नहीं था। इससे पहले वेस्टइंडीज ने 1979 में वनडे वर्ल्ड कप जीतने के बाद 2004 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर 25 साल का सूखा खत्म किया था।
इस लिस्ट में न्यूजीलैंड तीसरे स्थान पर है, जिसने 2000 में चैंपियंस ट्रॉफी और 2021 में WTC फाइनल जीतकर 21 साल बाद ICC खिताब जीता। भारत ने 1983 में वर्ल्ड कप और 2002 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर 19 साल का अंतर तय किया था।












Click it and Unblock the Notifications