WPL Auction 2023: रेणुका सिंह ने केपटाउन में मनाया जश्न, नीलामी में आरसीबी ने खरीदा है उन्हें 1.5 करोड़ में
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाज रेणुका सिंह महिला प्रीमियर लीग की नीलामी में 1.5 करोड़ रुपए में बिकी हैं। उन्हें आरसीबी ने खरीदा है।

महिला प्रीमियर लीग के पहले एडिशन के लिए मुंबई में चल रही नीलामी प्रक्रिया में भारतीय क्रिकेट टीम की कई चर्चित खिलाड़ी करोड़ों रुपए में बिकी हैं। अभी तक की नीलामी में स्मृति मंधाना सबसे महंगी प्लेयर हैं। उन्होंने आरसीबी ने 3.4 करोड़ रुपए में खरीदा है। भारत की कई स्टार बल्लेबाज नीलामी में करोड़पति बन गई हैं। इस बीच अब बारी गेंदबाजों की है तो टीम की स्टार तेज गेंदबाज रेणुका सिंह 1.5 करोड़ रुपए में बिक गई हैं। उन्हें आरसीबी ने खरीदा है। रेणुका को खरीदने के लिए दिल्ली और बैंगलोर के बीच होड़ देखने को मिली।
केपटाउन में रेणुका ने मनाया जश्न
आपको बता दें कि रेणुका सिंह इस वक्त भारतीय टीम के साथ दक्षिण अफ्रीका में हैं, जहां वो टी20 वर्ल्ड कप खेलने गई हैं। केपटाउन में टीम के साथ रेणुका सिंह लाइव ऑक्शन देख रही थीं। 1.5 करोड़ में बिकने के बाद रेणुका की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। टीम की खिलाड़ियों ने उन्हें बधाई दी। रेणुका के सेलिब्रेशन का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। आपको बता दें कि रेणुका की तरह ही स्मृति मंधाना का भी एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें टीम के सभी खिलाड़ी मंधाना को बधाई दे रहे हैं। हरमनप्रीत कौर ने मंधाना को गले से लगाया।
रेणुका का करियर
27 साल की रेणुका सिंह हिमाचल प्रदेश की रहने वाली हैं और उन्होंने 2 साल पहले ही अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया है। डेब्यू से पहले रेणुका हिमाचल के लिए ही घरेलू क्रिकेट खेलती थीं। रेणुका विमेंस टी-20 चैलेंज में भी हिस्सा ले चुकी हैं। रेणुका सिंह ने अभी तक 28 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें 26.62 की औसत के साथ 24 विकेट हासिल किए हैं। 10 रन देकर चार विकेट लेना उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। वह अब तक दो बार पारी में चार विकेट ले चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications