WPL 2026: जीत के बावजूद बढ़ी RCB की टेंशन, अगले दो हफ्ते तक नहीं खेल पाएंगी ये दिग्गज खिलाड़ी
WPL 2026 RCB Pooja Vastrakar: विमेंस प्रीमियर लीग (WPL 2026) के चौथे सीजन की शुरुआत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए जीत के साथ की है। लेकिन टीम के लिए एक परेशान करने वाली खबर सामने आई है। आरसीबी की स्टार ऑलराउंडर पूजा वस्त्राकर हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण कम से कम अगले दो हफ्तों के लिए क्रिकेट के मैदान से दूर हो गई हैं।
पूजा वस्त्राकर चोट के कारण बाहर (WPL 2026 RCB Pooja Vastrakar)
पूजा वस्त्राकर के लिए पिछला एक साल काफी चुनौतीपूर्ण रहा है। वह साल 2024 से ही कंधे की समस्या के कारण टीम से बाहर चल रही थीं, जिसके लिए पिछले साल उनकी सर्जरी भी हुई थी। पूजा बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपना रिहैब पूरा कर रही थीं और पूरी तरह फिट होने के करीब थीं। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

आरसीबी के हेड कोच ने दी जानकारी
आरसीबी के हेड कोच मालोलन रंगराजन ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मिली रोमांचक जीत के बाद मीडिया को बताया कि पूजा वस्त्राकर चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से रिलीज होने से ठीक दो दिन पहले उन्हें हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया। वह वहां कंधे की चोट के लिए थीं, लेकिन अब उन्हें नई समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें ठीक होने में अभी दो हफ्ते और लगेंगे।
RCB ने दिए थे इतने पैसे
आरसीबी ने पूजा वस्त्राकर को 85 लाख रुपये की मोटी रकम में अपनी टीम के साथ जोड़ा था। उम्मीद थी कि वह अपनी तेज गेंदबाजी और निचले क्रम में बड़े शॉट्स खेलने की क्षमता से टीम को मजबूती देंगी। सीजन के पहले ही मैच में उनकी कमी खली, हालांकि टीम किसी तरह जीत दर्ज करने में सफल रही। अब अगले कुछ महत्वपूर्ण मैचों में उनकी अनुपस्थिति कप्तान स्मृति मंधाना के लिए गेंदबाजी रोटेशन में मुश्किलें पैदा कर सकती है।
पूजा वस्त्राकर को एक समय भारतीय महिला क्रिकेट में झूलन गोस्वामी और शिखा पांडे की उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा था। हालांकि, बार-बार लगने वाली चोटों ने उनके करियर की रफ्तार को धीमा किया है। एसीएल की समस्या से लेकर घुटने की पुरानी तकलीफ तक, पूजा अक्सर महत्वपूर्ण टूर्नामेंटों से बाहर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications