WPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स को दोहरा झटका! गुजरात से मिली हार के बाद कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स पर लगा जुर्माना
WPL 2026 Jemimah Rodrigues: विमेंस प्रीमियर लीग के 17वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के लिए मंगलवार की रात बेहद निराशाजनक रही। वडोदरा के बीसीए (BCA) स्टेडियम में खेले गए इस अहम मैच में दिल्ली को गुजरात जाइंट्स के हाथों 3 रनों की नजदीकी हार झेलनी पड़ी। इसके बाद टीम की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स पर 'स्लो ओवर रेट' के लिए 12 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
जेमिमा रोड्रिग्स पर लगा जुर्माना (WPL 2026 Jemimah Rodrigues)
मैच के दौरान दिल्ली कैपिटल्स की टीम निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने ओवर पूरे करने में विफल रही। डब्ल्यूपीएल (WPL) आचार संहिता के तहत न्यूनतम ओवर रेट से संबंधित यह इस सीजन में जेमिमा का पहला अपराध था। नियमों के अनुसार, पहली गलती के लिए कप्तान पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाता है। यदि टीम आगे भी ऐसी गलती दोहराती है, तो जुर्माने की राशि बढ़ सकती है और खिलाड़ियों पर भी गाज गिर सकती है।

गुजरात ने बनाए थे इतने रन
गुजरात जाइंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 174 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। कप्तान बेथ मूनी ने 58 रनों की धैर्यपूर्ण पारी खेली, जबकि अनुष्का शर्मा ने 39 रनों का अहम योगदान दिया। दिल्ली की ओर से श्री चरणी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 31 रन देकर 4 विकेट चटकाए।
3 रन से दिल्ली हार गई मैच
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत खराब रही और एक समय टीम ने 100 रनों पर ही 6 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद निकी प्रसाद (47) और स्नेह राणा (29) के बीच हुई 70 रनों की साझेदारी ने दिल्ली को जीत की दहलीज पर ला खड़ा किया। अंतिम ओवर में जीत के लिए 9 रनों की दरकार थी, लेकिन अनुभवी सोफी डिवाइन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो विकेट झटके और दिल्ली को जीत से 3 रन दूर रोक दिया। डिवाइन ने कुल 4 विकेट लेकर अपनी टीम को अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंचा दिया।
प्लेऑफ की राह हुई कठिन
इस हार ने दिल्ली कैपिटल्स के प्लेऑफ में पहुंचने के समीकरणों को उलझा दिया है। फिलहाल दिल्ली और गुजरात दोनों के बीच प्लेऑफ की दौड़ रोचक हो गई है। दिल्ली को अब अपनी उम्मीदें जिंदा रखने के लिए यूपी वॉरियर्स के खिलाफ अपना आखिरी लीग मैच हर हाल में जीतना होगा।












Click it and Unblock the Notifications