WPL: 'अजेय' हरमनप्रीत कौर का एक और धमाका, प्लेऑफ में जाने वाली पहली टीम बनी मुंबई इंडियंस
Harmanpreet Kaur in WPL: मुंबई इंडियंस महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2023 में प्लेऑफ की बर्थ सुरक्षित करने वाली पहली टीम बन गई है। हरमनप्रीत कौर ने इसके लिए एक और कप्तानी पारी खेली।

वूमन प्रीमियर लीग (Women Premier League) में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ऐसा क्रिकेट खेल रही है जैसी कभी रोहित शर्मा की अगुवाई में पुरुष एमआई खेला करती थी। निश्चित तौर पर आईपीएल पर आधिपत्य रखने वाली इस फ्रेंचाइजी के लिए महिला लीग में अपने ब्रांड को फिर से टॉप पर झंडे गाड़ते देखना सुखद अहसास होगा। इस प्रदर्शन से आईपीएल में भी मुंबई इंडियंस का मोराल बूस्ट हो तो इंकार नहीं किया जा सकता। WPL में मंगलवार (14 मार्च) को ब्रेबोर्न स्टेडियम में गुजरात जायंट्स को 55 रन से हराकर मुंबई इंडियंस 2023 में प्लेऑफ की बर्थ सुरक्षित करने वाली पहली टीम बन गई है।
इस टीम की नैया सरपट भगाने का काम किया है कप्तान हरमनप्रीत कौर (HarmanPreet Kaur) ने जो एक ऐसी फॉर्म में दिखाई दे रही हैं कि विपक्षियों का भी कहना है कि ये बल्लेबाज अब रुकनी मुश्किल है। हरमनप्रीत ने गुजरात जायंट्स को हराने के लिए भी 30 गेंदों पर 51 रनों की पारी खेली। फिर 163 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात जायंट्स 9 विकेट पर 107 रन ही बना सकी। इस तरह मुंबई इंडियंस का जीत का सुहाना सफर जारी है।
हरमन का जलवे देखकर गुजरात जायंट्स की विकेटकीपर सुषमा वर्मा ने कहा कि हरमनप्रीत कौर मौजूदा समय में "अजेय" हैं और उनको रन बनाने से रोकना मुश्किल है। हरमनप्रीत ने 30 गेंदों में सात चौकों और दो छक्कों की मदद से 51 रन बनाए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वर्मा ने कहा कि जायंट्स ने हरमनप्रीत को अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन हरमन ने शॉर्ट बाउंड्री का बढ़िया इस्तेमाल किया।
वर्मा को मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा गया, "हरमनप्रीत जिस तरह की फॉर्म में है, उन्हें रोकना मुश्किल है। लेकिन हमने गेंदबाजी कोच के साथ योजना बनाई और यह उनके लिए भी आसान नहीं था। हम हरमन के खिलाफ अपनी योजनाओं को अंजाम दे पाए थे, लेकिन उन्होंने छोटी बाउंड्री का अच्छा इस्तेमाल किया। उन्हें अभी कोई नहीं रोक सकता है। लेकिन हमारी गेंदबाजी कहीं बेहतर थी।"
फिलहाल मुंबई इंडियंस 5 में 5 मैच जीत चुकी है और हरमनप्रीत कौर ने 4 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 180 रन बनाए हैं और 178.22 के स्ट्राइक रेट के साथ बैटिंग की है। उनका औसत 90 है। अभी तक किसी ने इस औसत के साथ रन नहीं बनाए हैं। केवल शेफाली वर्मा का स्ट्राइक रेट हरमन से बेहतर हैं लेकिन वे ओपनिंग में आती हैं और पॉवरप्ले का फायदा उठाती हैं जबकि हरमन मैच की फिनिश करती हैं।












Click it and Unblock the Notifications