IRE vs SCO: आखिर गेंद पर जीत दर्ज कर स्कॉटलैंड ने रचा इतिहास, इंटरनेशनल क्रिकेट में पहली बार हुआ ये कारनामा
Ireland vs Scotland, 7th Match Highlights: आयरलैंड और स्कॉटलैंड के बीच खेले गए मैच में स्कॉटलैंड ने बाजी मार ली।
Ireland vs Scotland, 7th Match Highlights: आईसीसी वर्ल्ड कप क्वालिफायर के मुकाबले रोमांचक तरीके से खत्म हो रहे हैं। बुधवार यानी 21 जून को आयरलैंड और स्कॉटलैंड के बीच खेला गया मैच भी बेहद रोमांचक रहा। इस मुकाबले के अंतिम गेंद पर स्कॉटलैंड ने चौका जड़कर जीत हासिल कर लिया। स्कॉटलैंड ने इसके साथ ही एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।
लास्ट ओवर में मिली जीत: स्कॉटलैंड ने आखिरी गेंद पर एक विकेट से जीत हासिल कर सभी को हैरान कर दिया है। मैच को जीतने के लिए अंति ओवर में स्कॉटलैंड को 8 रन चाहिए थे। मार्क अडायर की पहली गेंद पर माइकल लेस्क ने चौका लगाया। दूसरी गेंद पर सिंगल आया, तीसरी गेंद पर शाफयान शरीफ आउट हो गए। चौथी गेंद पर कोई रन नहीं बना। पांचवीं गेंद से बाई का रन मिला और छठी गेंद पर माइकल लेस्क ने चौका जड़कर टीम को जीत दिला दी।

स्कॉटलैंड ने रचा इतिहास: इस जीत के साथ ही स्कॉटलैंड की टीम ने इतिहास रच दिया। इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा पहली बार देखने को मिला जब एक एसोसिएट टीम ने पूर्ण सदस्य वाली टीम को रन चेज करते हुए आखिरी गेंद पर हरा दिया हो। इसके साथ ही इंटरनेशनल क्रिकेट में इससे पहले किसी भी एसोसिएट टीम ने पूर्ण सदस्य वाली टीम को एक विकेट से नहीं हराया था।
माइकल लेस्क बने जीत के हीरो: स्कॉटलैंड की जीत में माइकल लेस्क का सबसे बड़ा योगदान रहा। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे माइकल लेस्क ने 61 गेंदों में नाबाद 91 रन की पारी खेली। इसके साथ ही उन्होंने नंबर 9 पर आए मार्क वॉट के साथ 9वें विकेट के लिए 54 रनों की मैच विनिंग साझेदारी भी निभाई। इन दोनों की इस साझेदारी की बदौलत ही स्कॉटलैंड जीत हासिल करने में सफल रही।
ऐसा रहा मैच: इस मैच में स्कॉटलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 286 रन बनाए थे। इसके जवाब में स्कॉटलैंड ने 9 विकेट गंवाकर मैच की अंतिम गेंद पर एक यादगार जीत अपने नाम कर ली। आयरलैंड को अब तक वर्ल्ड कप क्वालिफायर के मुकाबलों में जीत हासिल नहीं हुई है।












Click it and Unblock the Notifications