SA vs NZ: क्विंटन डी कॉक ने रच दिया इतिहास, वर्ल्ड कप में लगाया चौथा शतक
Quinton De Kock: दक्षिण अफ्रीका के ओपनर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक का बल्ला इस वर्ल्ड कप में जमकर बोल रहा है। वह लगातार रन बनाते चले जा रहे हैं। सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में क्विंटन डी कॉक का नम्बर पहला है। हर बार वह बड़ी पारी खेलने के इरादे से आते हैं और ऐसा करने में सफल रहते हैं।
इस वर्ल्ड कप में डी कॉक ने चौथा शतक जमा दिया है। पुणे में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच के दौरान डी कॉक ने एक बार फिर से धमाका किया और शतकीय पारी खेल दी। वह फिफ्टी के बाद अपनी पारी को संवारते हुए शतक की तरफ लेकर जाते हैं। क्विंटन डी कॉक विश्व कप के एक संस्करण में 4 या अधिक शतक बनाने वाले इतिहास के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं।

उनकी बेहतरीन बैटिंग की वजह से ही दक्षिण अफ्रीका ने इस वर्ल्ड कप में अच्छा प्रदर्शन किया है और बड़े स्कोर करते हुए विपक्षी टीम के ऊपर दबाव बनाने का काम भी किया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में भी डी कॉक ने वही रणनीति अपनाई और टीम के लिए धाकड़ काम किया।
इस वर्ल्ड कप में डी कॉक ने अपना पहला शतक श्रीलंका के खिलाफ जड़ा था। इसके बाद अगला शतक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आया था। तीसरा शतक बांग्लादेश और अब चौथा शतक न्यूजीलैंड के खिलाफ आया है। वह काफी धाकड़ फॉर्म में हैं लेकिन यह उनका अंतिम वर्ल्ड कप है, इसके बाद वह वनडे क्रिकेट नहीं खेलेंगे।
वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा 5 शतक रोहित शर्मा के नाम है। इसके बाद डी कॉक और संगकारा ने 4-4 शतक जड़े हैं। बतौर खिलाड़ी डी कॉक के नाम यह 21वां शतक है। एकदिवसीय क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा शतक हाशिम अमला ने जड़े हैं। उनके नाम 27 शतक हैं। डीविलियर्स ने 25 शतक जड़े हैं। तीसरे नम्बर पर डी कॉक (21) हैं।












Click it and Unblock the Notifications