World Cup 2023: ऑलराउंडर अक्षर पटेल को लोग क्यों कह रहे हैं अनलकी?
Akshar Patel out from World Cup 2023: 5 अक्टूबर 2023 से विश्वकप की शुरुआत होने जा रही है। 12 साल बाद भारत में हो रहे क्रिकेट के सबसे बड़े टूर्नामेंट में सबको आशा है कि इंडिया 2011 का वाला इतिहास दोहराएगा। 140 करोड़ जनसंख्या वाले देश में दुआएं मांगी जा रही हैं कि कैप्टन रोहित शर्मा इस बार विश्वकप की ट्रॉफी लिफ्ट करें।

लेकिन इस मेगाइवेंट के ठीक पहले टीम इंडिया में गुरुवार को एक तगड़ा बदलाव हुआ है, दरअसल विश्वकप की 15 सदस्यीय टीम इंडिया से बाएं हाथ के स्पिनर और ऑलराउंडर अक्षर पटेल बाहर हो गए हैं और उनकी जगह देश के स्टार ऑफ स्पिनर आर अश्विन को मौका मिला है।
क्यों ऑलराउंडर अक्षर पटेल को लोग कह रहे हैं अनलकी?
जिसके बाद अक्षर पटेल के फैंस को निराशा हाथ लगी है और कुछ लोग तो ऐसे हैं जो कि अक्षर को अनलकी खिलाड़ी के नाम से नवाज रहे हैं।
दो बार विश्वकप के लिए चुने गए लेकिन...
दरअसल इसके पीछे कारण ये है कि अक्षर पटेल वो खिलाड़ी हैं जिनका सेलेक्शन दो बार विश्वकप के लिए हुआ लेकिन उन्हें वर्ल्ड कप का एक भी मैच खेलने को नहीं मिला। साल 2014 में बांग्लादेश के खिलाफ इंडिया के लिए डेब्यू करने वाले अक्षर साल 2015 के विश्वकप की 15 सदस्यीय टीम का हिस्सा थे।
पूरे टूर्नामेंट में बेंच पर ही बैठे रहे थे अक्षर
उस साल महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में विश्वकप खेल रही टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था लेकिन अक्षर को एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था और वो पूरे टूर्नामेंट में बेंच पर ही बैठे रहे थे।
विश्वकप की स्टैंडबाई टीम का हिस्सा लेकिन 15 में जगह नहीं मिली
तो वहीं इसके बाद साल 2019 में वो विश्वकप की स्टैंडबाई टीम का तो हिस्सा थे लेकिन अंतिम 15 में जगह नहीं बना पाए थे और इसके बाद इस साल उन्हे 2023 विश्वकप की 15 खिलाड़ियों की टीम में चुना गया था लेकिन चोटिल होने की वजह से वो टीम से आउट हो गए हैं।
चोट के कारण विश्वकप 2023 की टीम से हुए बाहर
मालूम हो कि अक्षर पटेल एशिया कप 2033 में बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मैच में चोटिल हो गए थे और इसी कारण वो एशिया कप के फाइनल में भी नहीं खेल पाए थे, सबको लग रहा था कि वो चोट से उबर जाएंगे लेकिन ऐसा हो नहीं पाया।
16 मैचों में 300 रन बनाए और लिए 14 विकेट
अगर पिछले दो सालों के रिकॉर्ड को देखें अक्षर ने वनडे में शानदार प्रदर्शन किया है। अक्षर ने बीते दो सालों में 16 मैचों में 300 रन बनाए हैं, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं। केवल बल्ला ही नहीं अक्षर ने गेंद से भी कमाल किया है और पिछले दो सालों में खेले गए 16 मैचों में उन्होंने 14 विकेट झटके हैं।
अक्षर के ना खेलने से फैंस निराश
फिलहाल 29 साल के इस क्रिकेटर के विश्वकप की टीम से बाहर होने पर उनके फैंस निराश जरूर हैं लेकिन उन्हें पूरा भरोसा है कि उनका ये चहेता सितारा जल्द ही क्रिकेट में वापसी करेगा और विश्वकप के बाद होने वाले टूर्नामेंट में नजर आएगा।
ये है विश्व कप 2023 के लिए इंडिया की फाइनल टीम
- रोहित शर्मा (कप्तान)
- शुभमन गिल
- विराट कोहली
- श्रेयस अय्यर
- केएल राहुल
- ईशान किशन
- हार्दिक पंड्या
- सूर्यकुमार यादव
- रविंद्र जडेजा
- रविचंद्रन अश्विन
- शार्दुल ठाकुर
- जसप्रीत बुमराह
- मोहम्मद शमी
- मोहम्मद सिराज और
- कुलदीप यादव












Click it and Unblock the Notifications