World Cup: क्या रचिन रविन्द्र का नाम सचिन-द्रविड़ पर रखा गया? खिलाड़ी के पिता ने बताई असली कहानी
Rachin Ravindra: वर्ल्ड कप में डेब्यू कर रहे एक खिलाड़ी की सबसे ज्यादा चर्चा है। न्यूजीलैंड के खिलाड़ी रचिन रविन्द्र ने अपने बल्ले से तबाही मचाई है। सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में रविन्द्र का नाम तीसरे स्थान पर है। वह कीवी टीम के लिए बेहतरीन काम करने में सफल रहे हैं।
रचिन रविन्द्र के नाम को लेकर भी चर्चा जोरों पर है। कहा जा रहा है कि सचिन और राहुल द्रविड़ के नामों से आधा हिस्सा लेकर रचिन का नाम रखा गया है। हर तरफ इसी तरह की चर्चा देखने को मिली है। अब रचिन रविन्द्र के पिता ने इस पर एक बड़ा खुलासा कर दिया है।

रचिन के पिता रवि कृष्णमूर्ति ने अपने बेटे के नाम को लेकर पूरी कहानी का खुलासा कर दिया है। उनके पिता ने नहीं बल्कि मां ने यह नाम रखा था। रचिन की मां ने इस नाम की सलाह दी थी। द प्रिंट से बातचीत करते हुए रविन्द्र के पिता ने कहा कि रचिन का जन्म होने के बाद मेरी पत्नी ने नाम के बारे में बताया था, हमने ज्यादा चर्चा नहीं करते हुए यह नाम रख दिया।
कीवी खिलाड़ी के पिता ने कहा कि रचिन का नाम पुकारने और उच्चारण में अच्छा लग रहा था, यह छोटा भी था, इसलिए रख दिया। बाद में हमें पता चला कि यह नाम तो सचिन और राहुल का मिश्रण है। यह नाम अपने बच्चे को क्रिकेटर बनाने के इरादे से नहीं रखा गया था।
गौरतलब है कि रचिन रविन्द्र की जड़ें भारत से ही जुड़ी हुई हैं। उनके दादा और दादी बेंगलुरु में ही रहते हैं। वह उनसे मिले भी हैं। वर्ल्ड कप में धांसू प्रदर्शन ने सभी को उनका मुरीद बना लिया है। विराट कोहली, क्विंटन डी कॉक के बाद वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रचिन ही हैं। उन्होंने अब तक कुल 564 रन बनाये हैं। कीवी टीम को सेमीफाइनल तक पहुँचाने में रचिन का अहम योगदान रहा है। उन्होंने 2021 में न्यूजीलैंड के लिए डेब्यू किया था और अपना पहले ही वर्ल्ड कप खेलते हुए धमाका कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications