IND vs AUS: केएल राहुल की बल्लेबाजी देख पाकिस्तान भी हुआ मुरीद, शोएब अख्तर से लेकर सलमान बट तक ने की तारीफ
World Cup 2023 kl rahul: वनडे वर्ल्ड कप का आगाज भारत ने जीत के साथ किया है। भारत ने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत हासिल की। हालांकि, भारत के लिए यह मुकाबला जीतना आसान नहीं था। 200 रनों का पीछा करते हुए भारत ने महज दो के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए थे। कप्तान रोहित शर्मा, ईशान किशन और श्रेयस अय्यर बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए।
कोहली-राहुल ने मुश्किल से निकाला: दो रनों पर तीन विकेट गंवाने के बाद भारत के लिए जीत की राह काफी मुश्किल नजर आ रही थी। इसके बाद पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए केएल राहुल ने विराट कोहली के साथ मिलकर टीम को संभाला। दोनों ही बल्लेबाजों ने 165 रनों की साझेदारी कर भारत की जीत सुनिश्चित कर दी। किंग कोहली चेज मास्टर के रूप में जाने जाते हैं, लेकिन केएल राहुल ने अपनी बल्लेबाजी से सबका दिल जीतने का काम किया।

पाकिस्तानी क्रिकेटरों ने की खूब तारीफ: पाकिस्तानी क्रिकेटरों ने भी केएल राहुल की जमकर तारीफ की। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने राहुल को लेकर कहा कि केएल एक स्पेशल खिलाड़ी हैं। इसके पास शॉट मारने के लिए बहुत सारा समय रहता है। इसकी तकनीक लाजवाब है और यह भारत के लिए आने वाले मैचों में और बेहतर प्रदर्शन करेगा।
वसीम अकरम ने बताया स्पेशल खिलाड़ी: वहीं पूर्व पाक तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने पाकिस्तानी मीडिया से बात करते हुए एक शो के दौरान कहा केएल राहुल टीम को स्थिरता प्रदान करते हैं। राहुल भारत के लिए ओपनिंग करते हुए भी रन बना चुके हैं। नंबर पांच पर भी उनका योगदान बहुमूल्य रहा है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जिस तरीके से उन्होंने बल्लेबाजी की, वह काबिले तारीफ है इतनी प्रेशर सिचुएशन में जाकर बेहद आराम से उन्होंने शॉट लगाए। यह हर किसी के बस की बात नहीं है।
सलमान बट ने कही ये बात: पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज सलमान बट ने यूट्यूब पर अपने शो के दौरान कहा कि केएल राहुल ने अपनी बल्लेबाजी से यह मैच जिताया है। राहुल तकनीकी रूप से काफी सक्षम है। वह हर सिचुएशन में खेलना जानते हैं। सबसे अच्छी बात है कि जब जरूरत हो तो वह पारी को संभालते हैं और जब जरूरत हो तो वह बड़े शॉट भी लगा सकते हैं। भारत की इस जीत में केएल राहुल का सबसे बड़ा योगदान रहा है।












Click it and Unblock the Notifications