Women's IPL साल 2023 में होने को तैयार, BCCI की मीटिंग में मिल गई मंजूरी
महिला इंडियन प्रीमियर लीग (Women's IPL) अब साल 2023 में होने के लिए तैयार है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की 91वीं सालाना जनरल मीटिंग में महिला आईपीएल को हरी झंडी मिल चुकी है।
बीसीसीआई ने एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, "जनरल बॉडी ने महिला इंडियन प्रीमियर लीग आयोजित करने की मंजूरी दी।"

महिला आईपीएल (WIPL) अगले साल पांच टीमों के टूर्नामेंट के रूप में शुरू होने वाला है। इसका आयोजन आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप के बाद होगा जो 26 फरवरी को खत्म हो रहा है।
ईएसपीएन क्रिकइन्फो के अनुसार, बीसीसीआई की योजना में 22 मैच हैं और प्रत्येक टीम में 18 खिलाड़ी होंगे, जिसमें अधिकतम छह ओवरसीज खिलाड़ी होंगे। पांच से अधिक विदेशी खिलाड़ी एक ही समय में एक प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं हो सकते हैं, जिसमें एक पूर्ण सदस्य देश के चार खिलाड़ी और एक एसोसिएट टीम से एक खिलाड़ी होता है।
हालांकि बीसीसीआई ने महिला आईपीएल के शेड्यूल को अंतिम रूप नहीं दिया है, लेकिन यह पुरुषों के आईपीएल से पहले खत्म हो जाएगा। पुरुषों का आईपीएल मार्च में शुरू होने की संभावना है। यह भी संभावना है कि ये वूमेन आईपीए महिला पाकिस्तान सुपर लीग के पहले सीजन के साथ क्लैश करे।
महिला क्रिकेट को भारत में अब काफी लोकप्रियता मिलने लगी है। जब से महिला टीम 2017 एकदिवसीय विश्व कप के फाइनल में पहुंची तो लोगों ने इसको फॉलो करना शुरू कर दिया। 2018 में, BCCI ने महिला T20 चैलेंज शुरू किया, जो तीन टीमों के बीच की प्रतियोगिता के तौर पर विकसित हुआ था।
2014-2022 के बीच आठ साल की अवधि के दौरान महिला क्रिकेट में घरेलू मोर्चे पर इजाफा हुआ है। इस दौरान महिला क्रिकेट बाकी देशों की लीग में काफी खेला जाने लगा। जैसे- द हंड्रेड, कैरेबियन प्रीमियर लीग और महिला बिग बैश लीग। असल में टी20 क्रिकेट ने महिला क्रिकेट लीगों की लोकप्रियता को बढ़ावा देने में काफी अहम भूमिका निभाई।












Click it and Unblock the Notifications