IND vs AFG: क्या फिर होगा कोहली और नवीन का आमना-सामना? मैच से पहले अफगानिस्तान के कप्तान ने दिया बड़ा बयान
India vs Afghanistan, 9th Match: रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय क्रिकेट टीम वनडे विश्व कप 2023 का अपना दूसरा मैच बुधवार को नई दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ खेलेगी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत के बाद भारत अफगानिस्तान के खिलाफ लय बनाए रखने के लिए उत्साहित होगा। इस मैच से पहले एक बार फिर विराट कोहली और नवीन-उल-हक का विवाद सुर्खियों में आ गया है।
दरअसल, इस साल की शुरुआत में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2023) के दौरान विराट और नवीन के बीच हुआ विवाद काफी सुर्खियों में रहा है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेल रहे विराट कोहली और लखनऊ सुपर जाइंट्स के लिए खेल रहे नवीन-उल-हज के बीच लखनऊ में मैच के दौरान तीखी बहस देखने को मिली थी। क्रिकेट वर्ल्ड कप मैच की प्री-मैच कॉन्फ्रेंस के दौरान दोनों के बीच की घटना का जिक्र हुआ तो जवाब भी दिलचस्प मिला।

टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में स्पिन के खिलाफ संघर्ष करने के बाद अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने मंगलवार को कहा कि यह एकतरफा था और उनके बल्लेबाज बुधवार को यहां भारत के खिलाफ विश्व कप मैच में कुलदीप यादव एंड कंपनी से निपटने के लिए अच्छी तरह से तैयार हैं। बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन और मेहदी हसन ने तीन-तीन विकेट लिए थे, जिससे अफगानिस्तान धर्मशाला में 156 रन पर आउट हो गया था।
अफगानिस्तान के पास विश्व स्तरीय स्पिनर हैं और राशिद खान और मुजीब जादरान नियमित रूप से नेट्स पर गेंदबाजी करते हैं। कप्तान शाहिदी ने कहा कि, 'हम नेट सत्र में बेहतर स्पिनरों के साथ खेलते हैं। जैसे कि अगर आप राशिद, नबी, नूर और मुजीब को देखें, तो हम उन्हें हर दिन खेलते हैं। इसलिए, मुझे लगता है कि स्पिन गेंदबाजी खेलने में हमारी टीम कहीं बेहतर है।'
उन्होंने कहा कि, 'आप जानते हैं कि उस मैट में हमने संघर्ष किया था, लेकिन आप यह नहीं कह सकते कि आप एक मैच में अच्छे नहीं थे। हम जानते हैं कि हम स्पिनरों को बेहतर खेल सकते हैं और हम अगले मैच के दौरान अपने हर विभाग में वापसी करने की कोशिश करेंगे।'
टीम के ट्रम्प कार्ड राशिद खान को बांग्लादेश के खिलाफ कोई विकेट नहीं मिला। राशिद खान को लेकर उन्होंने कहा कि, 'देखिए, राशिद वनडे और टी20 में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज हैं, इसलिए विपक्षी टीम जो भी कर रही हैं, हमें इसकी परवाह नहीं है, जैसे कि वे कैसे खेलते हैं, वे राशिद को खेलना चाहते हैं, लेकिन हमारे लिए महत्वपूर्ण बात यह है कि उन्होंने उनके खिलाफ कैसी योजना बनाई है, यह हमारे लिए मायने रखता है।'
दरअसल, भारत लंबे समय तक अफगानिस्तान का होम बेस रहा है। उनके स्टार खिलाड़ी आईपीएल का एक अभिन्न हिस्सा हैं और कई बार मैदान पर शब्दों का आदान-प्रदान होता है, जैसा कि इस साल की शुरुआत में आईपीएल में नवीन उल हक और विराट कोहली के बीच हुआ था।
विराट और नवीन की घटना के बारे में पूछे जाने पर शाहिदी ने कहा कि, 'देखिए, जैसा कि हमने पहले भी बताया, भारत हमारा घर है, हम यहां काफी खेले हैं और भारत के लोग अफगानिस्तान के लोगों को बहुत प्यार देते हैं।'
उन्होंने कहा कि, 'मैदान में जो हुआ, उस तरह की आक्रामकता हर खिलाड़ी में आती है। इसे भारत और अफगानिस्तान के साथ जोड़कर नहीं देखा जा सकता। अगर आप देखें तो हमारी टीम के कई खिलाड़ियों के आदर्श भारतीय टीम के खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ हैं।' इस तरह से कप्तान ने इस विवाद की चर्चा को यहां खत्म कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications