आयरलैंड टीम में मिले तीन कोविड केस, वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरा ODI हुआ स्थगित
नई दिल्लीः क्रिकेट पर कोरोना का प्रकोप जारी है। पहले की तरह पूरी सीरीज को हालांकि नहीं रोका जा रहा है लेकिन कोविड के चलते अब भी लगातार मैच प्रभावित हो रहे हैं। अब आयरलैंड और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा एकदिवसीय मैच विंडीज खेमें में तीन कोविड मामलों के सामने आने के बाद स्थगित कर दिया गया है। खेल मंगलवार, 11 जनवरी को जमैका के किंग्स्टन के सबीना पार्क में होने वाला था, लेकिन क्रिकेट वेस्टइंडीज और क्रिकेट आयरलैंड ने आपसी सहमति के साथ खेल को स्थगित करने पर मुहर लगा दी।

खबरों की मानें तो आयरिश कप्तान एंड्रयू बालबर्नी, विकेटकीपर लोर्कन टकर और अंतरिम मुख्य कोच डेविड रिप्ले को कोविड हुआ था। बेन व्हाइट और सिमी सिंह भी कोविड की चपेट में आ गए थे।
आयरलैंड-वेस्टइंडीज के बचे हुए मैचों पर दो दिन में होगा फैसला
आयरलैंड के वेस्टइंडीज के चल रहे दौरे में दो एकदिवसीय और खेले जाने हैं जबकि एक टी20 इंटरनेशनल भी शामिल है। बाकी खेलों पर एक दो दिनों में निर्णय लिया जाएगा। ईएसपीएनक्रिकइंफो के हवाले से कहा गया, "वेस्टइंडीज और आयरलैंड मैच कार्यक्रम की समीक्षा के लिए चर्चा कर रहे हैं और श्रृंखला पूरी होने की सभी संभावनाओं का पता लगाने के लिए काम कर रहे हैं।"
इस बीच, वेस्टइंडीज टीम के टेस्ट नेगेटिव आए हैं। दोनों टीमें वर्तमान में महामारी में जमैका सरकार के नियमों का पालन कर रही हैं। COVID-19 मामलों के अलावा, आयरलैंड को स्पिन गेंदबाज एंडी मैकब्राइन और तेज गेंदबाज मार्क अडायर के चोटिल होने की परेशानी को भी झेलना पड़ा है।
अडायर के पैर में चोट है और वे वर्तमान में निगरानी में है, तो मैकब्राइन ने शुरुआती एकदिवसीय मैच के बाद चोट के संकेत दिखाए है। एक अच्छी खबर में, ऑलराउंडर शेन गेटकेट और पॉल स्टर्लिंग COVID-19 से उबरने के बाद टीम में शामिल हो गए हैं।
इससे पहले संयुक्त राज्य अमेरिका के खिलाफ आयरलैंड की एकदिवसीय श्रृंखला को कोरोनावायरस के कारण रद्द किया गया था। जहां तक मौजूदा सीरीज की बात है तो वेस्टइंडीज ने पहले मैच को 24 रन से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली थी।












Click it and Unblock the Notifications