World Cup 2023: BCCI को खुद वर्ल्ड कप टिकट बेचने क्यों आना पड़ा? जानें इसका कारण
World Cup 2023 Tickets: इस साल भारत में होने वाले वनडे ववर्ल्ड कप को लेकर हर किसी में जोश और उत्साह देखा जा सकता है। भारतीय सरजमीं पर 10 वेन्यू में वर्ल्ड कप के मुकाबले खेले जाएँगे। बीसीसीआई तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है और टिकटों की बिक्री भी चल रही है।
आईसीसी ने वर्ल्ड कप के टिकटों की बिक्री चरणवार करने की योजना बनाई थी और कुछ ऐसा ही देखने को मिला था। इसके बाद अब बीसीसीआई की तरफ से कहा गया है कि 8 सितम्बर के दिन 4 लाख टिकटों की बिक्री की जाएगी। बोर्ड ने कहा कि हम टिकटों की उच्च मांग को स्वीकार करते हैं।

बीसीसीआई ने अपनी वेबसाईट पर लिखा कि मेजबानी करने वाले राज्यों के साथ चर्चा के बाद हम लगभग 4 लाख टिकट रिलीज करने की घोषणा करते हैं। आगे कहा गया कि अत्यधिक उत्साही दर्शकों की भागीदारी इस आयोजन में सुनिश्चित करने के लिए ऐसा किया गया है।
बीसीसीआई ने लिखा कि क्रिकेट के इस महाकुम्भ को देखने के लिए दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमी अपनी सीट बुक कर सकते हैं। वैश्विक रूचि को देखते टिकटों की भारी मांग की उम्मीद की जा सकती है। दर्शकों को अपनी सीटें बुक करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
गौरतलब है कि अब तक बुकमायशो पर ऑनलाइन टिकटों की बिक्री हो रही थी लेकिन लोगों के आरोप थे कि यहाँ कुछ गड़बड़ हो रही है। कुछ ही समय में सभी टिकट बिके हुए दिखते थे। कुछ लोगों को पेमेंट पेज पर जाने के बाद टिकट नहीं मिले। फैन्स ने इसे लेकर खुलकर आवाज उठाई।
सोशल मीडिया पर फैन्स ने कहा कि टिकट बिक्री में धांधली की जा रही है। कोई भी व्यक्ति टिकट नहीं खरीद पा रहा है। इसके बाद बीसीसीआई ने आगे आकर टिकट बिक्री का बीड़ा उठाया है। क्रिकेट वर्ल्ड कप की वेबसाईट पर जाकर टिकटों को खरीदा जा सकता है। 8 सितम्बर को शाम 8 बजे बिक्री शुरू होगी।












Click it and Unblock the Notifications