T20 World Cup 2024 : नाम बड़े और दर्शन छोटे, क्यों वर्ल्ड कप से बाहर हो गईं 3 बड़ी टीमें
T20 World Cup 2024: टी20 वर्ल्ड कप में इस बार कुछ ऐसा देखने को मिला, जिसके बारे में किसी ने शायद सोचा भी नहीं होगा। छोटी टीमों ने तहलका मचा दिया और बड़ी टीमों को नुकसान उठाना पड़ा। गलती किसकी हुई है, यह भी एक बड़ा सवाल है। खेल का तरीका भी बदला है।
इस वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड जैसी बड़ी टीम को बाहर होते देखना आश्चर्य की बात है। कीवी टीम किसी वर्ल्ड इवेंट में इतनी जल्दी हार मानकर बाहर होने वालों में नहीं है लेकिन ऐसा हुआ है। न्यूजीलैंड को अफगानिस्तान ने पराजित कर बड़ा धमाका किया था।

कीवी टीम अब तक खेले गए अपने तीन मैचों में से दो हार चुकी है और बाहर हो गई। इसके पीछे एक कारण तो यह भी रहा है कि कंडीशंस रास नहीं आई। दूसरी बात यह भी है कि कीवी टीम के कई खिलाड़ी आईपीएल की फ़्लैट पिचों पर खेलकर एकदम मरी हुई पिचों पर उतरे और मात खा गए। आईसीसी को भी इसमें जिम्मेदार माना जा सकता है।
यही कुछ पाकिस्तानी टीम के साथ हुआ। हालांकि पाक टीम इंग्लैंड और आयरलैंड की धाकड़ पिचों पर अभ्यास करने आई लेकिन न्यूयॉर्क की ड्रॉप इन पिच ले बैठी। इस तरह की पिचों पर बड़ी और छोटी टीम के बीच तुलना मुश्किल होती है क्योंकि जबरदस्त मदद से अनुभवहीन गेंदबाज भी हीरो बनकर निकलता है।
यूएस ने डैलास में पाकिस्तान को सुपर ओवर में पराजित कर मुकाबला अपने नाम किया था। कुछ हद तक पाक टीम की धीमी बैटिंग भी हार के लिए जिम्मेदार है। यूएस की अनुभवहीन गेंदबाजी को इतना धीमा खेलना भी पारी पड़ा था। इसके बाद बारिश ने पाकिस्तान का समीकरण बिगाड़ दिया। बड़े इवेंट्स में बारिश जैसी स्थिति से निपटने के इंतजाम भी होने चाहिए।
श्रीलंकाई टीम का एक मुकाबला बारिश ने खराब कर दिया और दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा। यहाँ भी स्थिति वही है। कुछ खिलाड़ी आईपीएल से गए थे और बाकी खिलाड़ी धीमी पिचों के जाल में फंसकर रह गए।इन कंडीशंस में छोटी टीमों ने फायदा उठाया।
छोटी टीमों ने बिना दबाव खेलने की रणनीति के तहत प्रयास किया और सफलता भी मिली। उनके पास खोने को कुछ नहीं था और इसी वजह से बड़ी टीमों पर दबाव बनाने में सफल रही। बड़ी टीमों को नुकसान और छोटी टीमों को फायदा हुआ लेकिन दर्शकों के मनोरंजन में पूरी कमी देखने को मिली है।












Click it and Unblock the Notifications