नाना पाटेकर का फेवरेट क्रिकेटर कौन? क्या थी भारत-पाक क्रिकेट मैच पर राय? निधन के बाद चर्चा में आया बयान
बॉलीवुड अभिनेता नाना पाटेकर का 75 साल की उम्र में निधन के बाद उनकी जिंदगी का यह पहलू एक बार फिर चर्चा में है। क्रिकेट से उनका रिश्ता बचपन से था और एक खिलाड़ी के लिए उनकी पसंद तो इतनी खास थी कि भारतीय बल्लेबाज के जल्दी आउट होने का असर उनके खाने तक पर पड़ता था।
नाना ने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि बचपन में वह क्रिकेट खेलते थे और ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते थे। आर्थिक स्थिति बेहतर नहीं होने के कारण वह औपचारिक ट्रेनिंग नहीं ले पाए लेकिन मुंबई के शिवाजी पार्क में जाकर नेट्स में खिलाड़ियों को गेंदबाजी जरूर किया करते थे। उन्होंने यह भी कहा था कि कुछ दिन अभ्यास मिल जाए तो वह दोबारा अच्छी गेंदबाजी कर सकते हैं।

कौन था नाना का फेवरेट क्रिकेटर
विराट कोहली उनके पसंदीदा क्रिकेटर थे। एक इंटरव्यू में नाना ने कहा था कि उन्हें विराट का खेल बहुत पसंद है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी बताया था कि अगर विराट जल्दी आउट हो जाते हैं तो उनका खाना खाने का मन नहीं करता।
उनका यह बयान उस समय सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में आया था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान विराट के जल्दी आउट होने पर लोगों ने नाना के इसी बयान को लेकर कई मीम भी बनाए थे। नाना सिर्फ विराट के प्रशंसक नहीं थे, बल्कि क्रिकेट को लेकर उनकी अपनी मजबूत राय भी थी। इसका एक उदाहरण सितंबर 2025 में देखने को मिला।
भारत-पाक मैच पर क्या थी नाना की राय
2025 में एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के मुकाबले से पहले पुणे में एक कार्यक्रम के दौरान नाना से इस मैच पर सवाल पूछा गया था। उस समय पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के बीच तनाव का माहौल था।
नाना ने कहा था कि ऐसे मामलों पर उन्हें नहीं बोलना चाहिए लेकिन अपनी निजी राय रखते हुए उन्होंने साफ कहा था कि भारत को पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलना चाहिए। उनका तर्क था कि जब हमारे लोगों का खून बहाया गया है, तो हम उनके साथ क्यों खेलें?


Click it and Unblock the Notifications
