WI vs ENG: दो साल बाद आंद्रे रसेल की धमाकेदार वापसी, पहले गेंद फिर बल्ले से किया इंग्लैंड का बुरा हाल
West Indies vs England, 1st T20: वनडे सीरीज के बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज में भी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही है। वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला बुधवार सुबह खेला गया। 2 साल बाद टीम में वापसी करने वाले आंद्रे रसेल ने इस मुकाबले में गेंद और बल्ले दोनों से ही कमाल का प्रदर्शन किया। पहले टी-20 मैच में वेस्टइंडीज को जीत दिलाने में रसेल का अहम रोल रहा है।
रसेल की दमदार वापसी: इससे पहले आखिरी बार वेस्टइंडीज के लिए टी-20 फॉर्मेट में आंद्रे रसेल साल 2021 में खेलते हुए नजर आए थे। साल 2021 के टी-20 वर्ल्ड कप में उन्होंने वेस्टइंडीज की तरफ से बेहतरीन प्रदर्शन किया था। इसके बावजूद रसेल पिछले 2 साल से वेस्टइंडीज की टी-20 टीम का हिस्सा नहीं थे। इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में रसेल को वापसी करने का मौका मिला और टीम में आते ही उन्होंने अपना दम दिखाया।

वनडे सीरीज में मिली थी जीत: पांच मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में वेस्टइंडीज की टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ चार विकेट से जीत हासिल की। इससे पहले तीन मैचो की वनडे सीरीज को भी वेस्टइंडीज की टीम 2-1 से अपने नाम करने में कामयाब रही थी। वनडे वर्ल्ड कप 2023 के बाद भी इंग्लैंड के प्रदर्शन में कुछ खास सुधार देखने को नहीं मिल रहा है। वनडे के बाद टी-20 में भी टीम संघर्ष करती हुई दिखाई दे रही है।
रसेल ने झटके तीन विकेट: पहले टी-20 मैच की बात करें तो इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.3 ओवर में 171 रन बनाए थे। वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने इंग्लैंड के बल्लेबाजों को पूरे 20 ओवर भी नहीं खेलने दिया और 171 रनों पर ऑल आउट कर दिया।
इंग्लैंड के लिए सबसे अधिक रन सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट ने बनाए। उन्होंने 40 रनों के पारी खेली। जबकि कप्तान जोस बटलर के बल्ले से 39 रन निकले। वेस्टइंडीज की तरफ से आंद्रे रसेल ने चार ओवर में महज 19 रन देकर तीन विकेट झटकने का काम किया।
चार विकेट से मिली जीत: शानदार गेंदबाजी करने के बाद रसेल ने बल्ले से भी दम दिखाया। लक्ष्य का पीछा करते हुए अंत के ओवरों में रसेल ने 14 गेंद में दो चौके और दो छक्कों की मदद से नवाब 29 रनों की पारी खेली। इस पारी के दम पर वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को चार विकेट से हरा दिया।












Click it and Unblock the Notifications