IND VS PAK: रिजवान के सामने क्यों लगे 'जय श्री राम' के नारे? उदयानिधि ने किया सवाल तो भड़के लोग
World Cup 2023, IND VS PAK: विश्वकप 2023 में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराकर अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखा है। आपको बता दें कि ये आठवीं बार है जब इंडिया ने पाकिस्तान को विश्वकप में हराया है।

शनिवार को मोदी स्टेडियम में खेले गए इस शानदार गेम में भारत हर लिहाज से पाकिस्तान पर बीस था। इस हाईवोल्टेज मैच के बाद पब्लिक उत्साहित हो गई थी और खुशियां मना रही थी।
मो. रिजवान के सामने भीड़ ने लगाए "जय श्री राम" के नारे
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें दिख रहा है कि मोदी स्टेडियम में जब पाकिस्तानी खिलाड़ी मो. रिजवान ड्रेसिंग रूम में जा रहे थे तब वहां पर मौजूद भीड़ "जय श्री राम" के नारे लगा रही है। इस वीडियो के वायरल होने पर डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
'जय श्री राम' के नारे पर भड़के उदयानिधि स्टालिन
उन्होंने कहा कि 'ये बर्ताव गंवारा नहीं।' मालूम हो कि पाकिस्तानी विकेटकीपर-बल्लेबाज 69 गेंदों में 49 रन बनाकर ड्रेसिंग रूम में लौट रहे थे, तब उनके साथ ये वाकया घटा।
पाक खिलाड़ियों के साथ व्यवहार अस्वीकार्य और निंदनीय है
सनातन धर्म की तुलना डेंगू-मलेरिया से करने वाले जूनियर स्टालिन ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा 'भारत अपनी खेल भावना और आतिथ्य सत्कार के लिए प्रसिद्ध है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ किया गया व्यवहार अस्वीकार्य और निंदनीय है । खेल सच्चे भाईचारे को बढ़ावा देता है लेकिन इसे नफरत फैलाने के औज़ार के तौर पर इस्तेमाल करना निंदनीय है।' #भारत बनाम पाकिस्तान
सोशल मीडिया पर घमासान मच गया
हालांकि उदयनिधि स्टालिन के इस ट्वीट पर सोशल मीडिया पर घमासान मच गया। कुछ लोग उन्हीं को ट्रोल करने लगे। एक यूजर ने लिखा कि 'निर्लज तू फिर आ गया' तो एक ने लिखा- 'जैसे को तैसा, इसमें कुछ भी गलत नहीं है', तो एक ने लिखा कि ' जो कल तक सनातन धर्म की तुलना में डेंगू, मलेरिया, एड्स, फ्लू से कर रहे थे, आज भाईचारे की बात कर रहे हैं!' फिलहाल उदयानिधि को लेकर सोशल मीडिया पर घमासान जारी है।
'मच्छर, डेंगू, कोरोना जैसा है सनातन धर्म'
आपको बता दें कि तमिलनाडु के मंत्री और सीएम एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन ने तमिलनाडु प्रोग्रेसिव राइटर्स एसोसिएशन के एक कार्यक्रम में कहा था कि 'मैं सनातन धर्म का विरोध करने के बजाय उसका उन्मूलन करने में विश्वास करता हूं। जैसे मच्छर, डेंगू, कोरोना और मलेरिया है, जिन्हें हमें खत्म करना है ठीक उसी तरह से सनातन है, जिसका हमें खात्म करना है।'
'उदयनिधि का इरादा किसी को ठेस पहुंचाने का नहीं था'
उनके इस बयान पर जमकर बवाल मचा था। हालांकि उनके पिता और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने सफाई पेश करते हुए कहा था कि 'उदयनिधि का किसी भी धर्म या धार्मिक मान्यताओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था, भाजपा ने बातों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया है। उनका मतलब अनुसूचित जाति और महिलाओं के साथ भेदभाव से था।' हालांकि उनकी ये सफाई भी काम नहीं आई थी और बीजेपी का शाब्दिक प्रहार उदयनिधि पर जारी रहा था।












Click it and Unblock the Notifications