Video: जश्न मनाने पहुंचा खिलाड़ी तो बॉलर ने मार दिया थप्पड़, पीएसएल में घटी एक और शर्मनाक घटना
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की ओर से शुरु किये गये इंडियन प्रीमियर लीग की दुनिया भर में अपार सफलता को देखने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भी उसी के तर्ज पर अपने देश में पीएसएल का आयोजन किया। 5 टीमों के साथ शुरू की गई इस लीग ने फिलहाल भले ही वो सफलता हासिल न की हो लेकिन विवादों के मामले में वो हमेशा ही आईपीएल से आगे रही है। लाहौर और करांची के मैदान पर खेले जा रहे पीएसएल के 7वें सीजन में भी यह लगातार देखने को मिल रहा है।

और पढ़ें: 'ऐसा लगता है जैसे भेड़-बकरी हों', सीएसके के दिग्गज खिलाड़ी ने खोला IPL नीलामी के डार्क साइड का राज

खिलाड़ियों के साथ बर्ताव पर खड़े हुए सवालिया निशान
अभी पिछले हफ्ते ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर जेम्स फॉक्नर के विवाद से टूर्नाममेंट उबर भी नहीं पाया था कि सोमवार को खेले गये मैच के दौरान हुई एक और घटना ने पीएसएल को हिला दिया है। जेम्स फॉक्नर ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और पीएसएल के अधिकारियों पर उनके साथ ठीक बर्ताव नहीं करने और पैसों को लेकर आनाकानी करने का आरोप लगाते हुए लीग को बीच में छोड़कर घर जाने का ऐलान किया था, जिसके बाद कई पूर्व और मौजूदा क्रिकेटर्स ने जेम्स फॉक्नर पर पाकिस्तान क्रिकेट को बदनाम करने का आरोप लगाया। हालांकि सोशल मीडिया पर जो वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है वो असल में लीग के अंदर खिलाड़ियों के साथ हो रहे बर्ताव पर सवालिया निशान खड़े करता है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो लाहौर कलंदर्स और पेशावर जाल्मी के बीच सोमवार को खेले गये मैच का है, जहां पर पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हैरिस राउफ विकेट का जश्न मनाने पहुंचे साथी खिलाड़ी कामरान गुलाम को मैदान पर ही थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं।

जानें क्या है पूरा मामला
पीएसएल 2022 का 30वां मैच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में सोमवार की रात को लाहौर कलंदर्स का सामना पेशावर जाल्मी से हुआ, जहां पर पेशावर जाल्मी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 158 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में लाहौर कलंदर्स की टीम ने भी निर्धारित 20 ओवर्स में 158 रन ही बनाये और मैच का फैसला सुपरओवर में हुआ।
हालांकि इस दौरान बेहद शर्मनाक घटना देखने को मिली जब पहली पारी के दौरान हैरिस राउफ गेंदबाजी करने आये। हैरिस राउफ के सामने हजरतुल्लाह जजाई बल्लेबाजी कर रहे थे, जिनका कैच कामरान गुलाम से छूट गया। राउफ इससे काफी गुस्से में नजर आये। इसी ओवर में आगे चलकर राउफ ने मोहम्मद हैरिस को फवाद आलम के हाथों फाइन लेग बाउंड्री पर कैच करा कर आउट कर दिया। इस विकेट के बाद जैसे ही सभी खिलाड़ी जश्न मनाने पहुंचे तो कामरान गुलाम भी हैरिस राउफ के पास पहुंचे। हालांकि हैरिस को पिछला कैच छूटने का गुस्सा खत्म नहीं हुआ था और उन्होंने कामरान को एक जोरदार तमाचा जड़ दिया।
कामरान ने नहीं बढ़ाया मामला, पर शर्मनाक है घटना
गौरतलब है कि यहां पर हैरिस की ओर से थप्पड़ जड़ने के बावजूद कामरान गुलाम मामले को बढ़ाते हुए नजर नहीं आये और हंसते हुए नजर आये। भले ही कामरान गुलाम ने इस मुद्दे को उठाया न हो लेकिन मैदान पर सीनियर खिलाड़ी का ऐसा व्यवहार लीग के डिसिप्लिन और बर्ताव पर सवालिया निशान खड़े करता है। सोशल मीडिया पर इस वीडियो के तेजी से वायरल होने के बाद यह देखने लायक होगा कि क्या पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड या लाहौर कलंदर्स की फ्रैंचाइजी इस गेंदबाज के खिलाफ कोई डिसिप्लिनरी एक्शन लेती है या फिर बात को दबाने की कोशिश होती है।
मैच की बात करें तो लाहौर कलंदर्स की टीम ने सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 5 रन ही बनाये। पेशावर जाल्मी के लिये वहाब रियाज ने शानदार गेंदबाजी की, तो वहीं पर बल्लेबाजी करने आये शोएब मलिक ने दो गेंद में ही मैच को जीत लिया।

अब पीएसएल में कभी भाग नहीं ले सकेंगे फॉक्नर
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के हरफनमौला खिलाड़ी जेम्स फॉक्नर ने पीसीबी पर पूरे पैसे नहीं देने और खुद के साथ अनुचित बर्ताव करने का आरोप लगाते हुए लीग को बीच में छोड़ दिया और वापस अपने देश लौट गये थे। हालांकि बाद में पाकिस्तानी मीडिया ने रिपोर्ट किया कि फॉक्नर ने होटल मैनेजमेंट के साथ बुरा बर्ताव किया था और वहां तोड़ फोड़ की थी। इसको लेकर कुछ तस्वीरें भी सामने आयी थी जिसे लेकर दावा किया गया कि होटल में लगे झूमर पर फॉक्नर ने अपना बैट और हेलमेट फेंक कर मारा था, जिसकी वजह से टूट गया।
आपको बता दें कि बाद में पीसीबी ने खुद पर लगे सभी आरोपों को इंकार करते हुए एक बयान जारी किया और कहा कि आगे से पाकिस्तान सुपर लीग में जेम्स फॉक्नर को भाग लेने की इजाजत नहीं दी जायेगी।












Click it and Unblock the Notifications