Virat Kohli Test Retirement: इंग्लैंड दौरे से पहले विराट कोहली ने लिया रिटायरमेंट का फैसला! BCCI को दी जानकारी
भारतीय क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद नामों में से एक विराट कोहली (Virat Kohli) अब टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने की तैयारी में हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कोहली ने खुद BCCI को इस बारे में जानकारी दी है कि वे टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेना चाहते हैं। यह खबर उस वक्त आई है जब कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) पहले ही टेस्ट से रिटायरमेंट का ऐलान कर चुके हैं।
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, BCCI ने कोहली से अनुरोध किया है कि वे अपना फैसला दोबारा सोचें क्योंकि इंग्लैंड का बड़ा दौरा आने वाला है। हालांकि, विराट कोहली ने अब तक बोर्ड को कोई जवाब नहीं दिया है। सूत्रों के मुताबिक कोहली का मन बना हुआ है और वो अब टेस्ट क्रिकेट से आगे नहीं बढ़ना चाहते।

विराट कोहली के टेस्ट करियर की झलक
विराट कोहली ने अब तक 123 टेस्ट मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है, जिसमें उन्होंने कुल 9230 रन बनाए हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 46.85 का रहा है और उन्होंने 29 शतक लगाए हैं।
विराट कोहली को फॉर्म में आई गिरावट
हालांकि, पिछले कुछ सालों में उनका फॉर्म पहले जैसा नहीं रहा। साल 2019 से अब तक उन्होंने 37 टेस्ट मैचों में सिर्फ 1990 रन बनाए हैं, और इस दौरान उनका औसत लगभग 33 का रहा। हालिया ऑस्ट्रेलिया दौरे (2024-25) में भी उनका प्रदर्शन कमजोर रहा, जहां वे 4 टेस्ट में सिर्फ 190 रन बना सके और औसत 23.75 रहा।
कप्तानी को लेकर भी उलझन
रोहित शर्मा के रिटायरमेंट के बाद BCCI विराट को इंग्लैंड दौरे के लिए कप्तान बनाने की सोच रहा था। लेकिन अब अगर विराट भी हटते हैं तो भारत के पास मिडिल ऑर्डर में अनुभव की भारी कमी हो जाएगी। मिडिल ऑर्डर में संभावित नाम ऋषभ पंत और केएल राहुल हो सकते हैं। इसके अलावा कप्तानी के विकल्प के रूप में शुभमन गिल (Shubman Gill) का नाम चर्चा में है, हालांकि उनका हालिया टेस्ट फॉर्म भी चिंता का विषय रहा है।
क्यों अहम है इंग्लैंड दौरा?
इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की सीरीज इस साल जून-जुलाई में होनी है। विदेशी धरती पर टेस्ट सीरीज जीतना हमेशा से भारत के लिए चुनौती रहा है और इस बार विराट और रोहित की गैरमौजूदगी में टीम काफी नई दिखेगी।












Click it and Unblock the Notifications