'पाजी रन कम रह गए वर्ना सेंचुरी पक्की थी', अर्शदीप के सवाल पर कोहली का मजेदार जवाब, फैंस हंस-हंसकर हुए लोटपोट
Virat Kohli Trolls Arshdeep Singh: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज जीतने के बाद भारतीय ड्रेसिंग रूम में माहौल मस्ती भरा रहा। इस जीत के बाद टीम के मजाकिया गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अपनी पोस्ट-मैच रील्स सीरीज के लिए टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को गेस्ट के तौर पर बुलाया। इस मजेदार वीडियो ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। फैंस लगातार इस पर अपना रिएक्शन दे रहे हैं।
भारत ने 2-1 से जीती सीरीज (Virat Kohli Trolls Arshdeep Singh)
विशाखापत्तनम में हुए निर्णायक मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 270 रनों पर समेट दिया। जिसमें प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव ने 4-4 विकेट लिए। जवाब में यशस्वी जायसवाल के शतक और विराट कोहली के 45 गेंदों पर तेज़ 65 रन की बदौलत भारत ने सीरीज 2-1 से जीत ली। अपनी मजेदार स्क्रिप्ट में अर्शदीप ने कोहली को छेड़ते हुए कहा कि अगर टारगेट थोड़ा बड़ा होता तो विराट का लगातार तीसरा शतक पक्का था।

अर्शदीप को कोहली ने दिया मजेदार जवाब
अर्शदीप ने कहा कि पाजी, रन कम रह गए, सेंचुरी आज पक्की थी वैसे। इस पर विराट कोहली ने तुरंत अपनी हाज़िरजवाबी दिखाई और मजाक को अर्शदीप की गेंदबाज़ी की ओर मोड़ दिया। कोहली ने मजाकिया लहजे में कहा कि टॉस जीत गए, नहीं तो तेरी भी पक्की थी ड्यू में। कोहली ने कहा कि शुक्र मनाओ हमने टॉस जीत लिया, नहीं तो ओस में तुम्हारी भी (गेंदबाज़ी से) सेंचुरी पक्की थी।
जीत के बाद कोहली ने कही दिल की बात
कोहली का यह जवाब तेज़ी से वायरल हो गया और फैंस को बेहद पसंद आया। विराट कोहली ने सीरीज़ के पिछले दो मैचों में शतक लगाए थे और उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज़' चुना गया। यह प्रदर्शन 2027 वर्ल्ड कप के लिए उनकी मज़बूत दावेदारी पेश करता है। मैच के बाद अपनी फॉर्म पर बात करते हुए कोहली ने कहा कि ईमानदारी से कहूं तो जिस तरह से मैं इस सीरीज़ में खेला हूं, वह मेरे लिए सबसे संतोषजनक चीज रही है। मुझे नहीं लगता कि मैं पिछले 2-3 सालों से इस स्तर पर खेल रहा था, और अब मैं अपने दिमाग में बहुत फ्री महसूस कर रहा हूं। मुझे इस लय को आगे बढ़ाना बहुत रोमांचक लग रहा है।












Click it and Unblock the Notifications