कप्तानी छोड़ने पर जानें क्या रहा विराट कोहली के भाई-बहन का रिएक्शन, सोशल मीडिया पर लिखा मैसेज

Recommended Video
नई दिल्ली। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने शनिवार को टेस्ट क्रिकेट की कप्तानी छोड़ने के अपने फैसले से खेल जगत को पूरी तरह से हिला दिया। साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज के आखिरी मैच में मिली हार के महज एक दिन बाद ही विराट कोहली ने अचानक से कप्तानी छोड़ने का फैसला किया और सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर इस बात की जानकारी दी। शनिवार को टेस्ट प्रारूप की कप्तानी छोड़ने के साथ ही विराट कोहली ने भारतीय क्रिकेट टीम के सभी प्रारूप की कप्तानी को अलविदा कह दिया है। विराट कोहली ने कप्तानी छोड़ने की शुरुआत आईपीएल 2021 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के साथ की, जिसके बाद उन्होंने टी20 विश्वकप 2021 के बाद क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप की कप्तानी को अलविदा कहा।
और पढ़ें: जब धोनी के साथ अनुष्का ने उड़ाया थो कोहली की बढ़ती उम्र का मजाक, कप्तानी छोड़ने पर लिखा इमोशनल मैसेज
टी20 की कप्तानी छोड़ने के बाद चयनकर्ताओं ने वनडे प्रारूप की कमान भी विराट से ले ली और अब विराट ने टेस्ट प्रारूप से भी कप्तानी छोड़ दी है। विराट कोहली ने 2014 के बाद से लेकर 7 सालों तक भारतीय टीम का नेतृत्व किया। जब उन्होंने टीम की कमान संभाली थी तो भारतीय टीम आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग में 7वें पायदान पर थी, लेकिन दो सालों में ही उन्होंने टीम को नंबर 1 टीम बना दिया और जब कप्तानी छोड़ी तब भी टीम पहले पायदान पर ही काबिज है।
और पढ़ें: 'मैदान पर जो कुछ बाहर सबकुछ नहीं जाता', हार के बाद DRS विवाद पर कोहली ने तोड़ी चुप्पी

भावुक हुई कोहली की बहन
ऐसे में जब अब कोहली कप्तान नहीं रहेंगे तो भारतीय टीम मैदान पर उनके जुनून को मिस करेगी। कोहली के इस फैसले पर उनकी बहन भावना कोहली ढींगरा ने इंस्टाग्राम पर उनके साथ एक तस्वीर शेयर की और बताया कि कैसे यह खेल उनके भाई के बचपन का प्यार है। उन्होंने इसके साथ ही कोहली की उपलब्धियों और बोल्ड डिसिजन लेने के लिये मानसिक मजबूती की तारी की। उनकी पोस्ट में इस्तेमाल किये गये हैशटैग बताते हैं कि उनके मन में विराट कोहली के लिये कितना सम्मान है।
उन्होंने लिखा,'इस खेल के लिये जिस तरह की ईमानदारी, जुनून और समर्पण तुम्हारे पास है वो सब हमने बचपन से ही देखा है। जब तुमने दुनिया भर के रिकॉर्ड अपने नाम किये तो उसके बाद भी तुम उन सबसे अलग खड़े रहे और अपनी मानसिक मजबूती को समय-समय पर साबित करते रहे। तुमने अपने फैसलों के जरिये दिखाया है कि तुम्हारे चरित्र में कितनी मजबूती है। तुम पर हमेशा परिवार के रूप में नाज है। #चैंपफॉरेवर #सफलकप्तान #समर्पण #मजबूती #जुनून।'

विकास कोहली ने भी लिखा खास मैसेज
विराट कोहली के भाई विकास कोहली ने भी इस मौके पर अपने इंस्टाग्राम से एक फोटो शेयर की है, जिसमें 33 वर्षीय विराट जीत का जश्न मनाते नजर आ रहे हैं। विकास ने इसके साथ ही लिखा कि तुम न सिर्फ अभी बल्कि हमेशा एक चैम्पियन रहोगे। विकास कोहली ने अपने भाई के लिये चैम्पियन, विश्वास, जुनून और ईमानदारी से जुड़े हैशटैग का इस्तेमाल किया।

भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान रहे कोहली
विराट कोहली के कप्तानी छोड़ने के फैसले से जहां बहुत सारे फैन्स को झटका लगा है तो वहीं पर उनके परिवार के सदस्यों ने बतौर कप्तान कोहली की उपलब्धियों पर काफी खुशी जताई है और उनके फैसले में साथ खड़े रहने की बात कही। विराट कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम टेस्ट चैम्पियनशिप के पहले संस्करण के फाइनल में पहुंचा और उन्होंने 68 मैचों की कप्तानी करते हुए भारत को 40 में जीत दिलाई जो कि अपने आप में बड़ा रिकॉर्ड है। वह भारत के लिये सबसे ज्यादा औसत से रन बनाने वाले भारतीय कप्तान बने तो दुनिया के कई सारे रिकॉर्ड अपने नाम किये।












Click it and Unblock the Notifications