'मैदान पर जो कुछ बाहर सबकुछ नहीं जाता', हार के बाद DRS विवाद पर कोहली ने तोड़ी चुप्पी

नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच केपटाउन के मैदान पर खेला गया, जिसमें साउथ अफ्रीका की टीम ने एक बार से 200 से ज्यादा रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 7 विकेट से जीत हासिल की। साउथ अफ्रीका की टीम ने जोहान्सबर्ग में भी 240 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 7 विकेट से जीत हासिल की थी। साउथ अफ्रीका की टीम ने केपटाउन टेस्ट को जीत कर सीरीज भी 2-1 से अपने नाम कर ली, हालांकि इस दौरान मैदान पर चौथी पारी में काफी ड्रामा देखने को मिला। भारत ने चौथी पारी में जीत के लिये साउथ अफ्रीका के सामने 212 रनों का लक्ष्य रखा था जिसका पीछ करते हुए साउथ अफ्रीका की टीम ने कप्तान डीन एल्गर और कीगन पीटरसन के दम पर अच्छी शुरुआत की।
पारी के 21वें ओवर में आर अश्विन की गेंद पर डीन एल्गर फंस गये जिसके बाद एलबीडबल्यू की अपील पर मैदानी अंपायर ने आउट करार दिया, हालांकि जब वो रिव्यू के लिये गये तो बॉल ट्रैकिंग में गेंद विकेट को मिस करती हुई जा रही थी, जिसके बाद मैदानी अंपायर को अपना निर्णय बदलना पड़ा। उल्लेखनीय है कि बॉल ट्रैकिंग में दिखाये गये इस निर्णय पर खुद मैदानी अंपायर इरेसमस को भी यकीन नहीं हुआ तो वहीं पर कप्तान विराट कोहली, आर अश्विन, केएल राहुल समेत कई भारतीय खिलाड़ी गुस्से में नजर आये।
और पढ़ें: WTC 2021-23: केपटाउन में मिली हार के बाद अंकतालिका में फिसली विराट सेना, जानें क्या है टीम का हाल

पूरे विवाद पर कोहली ने पहली बार तोड़ी चुप्पी
इतना ही नहीं इन भारतीय खिलाड़ियों ने स्टंप माइक के पास जाकर कैमरा टीम और बाकी मुद्दे पर अपनी भड़ास भी निकाली, जिसका वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। विराट कोहली के स्टंप माइक पर जाकर भड़ास निकालने का वीडियो जहां फैन्स को काफी पसंद आ रहा है, तो वहीं पर क्रिकेट जगत के कई पूर्व दिग्गज उनकी इस हरकत को बचकाना बता रहे हैं, तो वहीं पर कई दिग्गज फाइन लगाने की मांग कर रहे हैं।
इस बीच मैच खत्म होने के बाद पहली बार भारतीय कप्तान विराट कोहली ने पूरे विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। मैच के बाद थर्ड अंपायर का डिसीजन और उस पर भारतीय खिलाड़ियों की प्रतिक्रिया सबसे ज्यादा बातचीत का मुद्दा बनी, जिसको लेकर पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी कप्तान कोहली से सवाल किया गया।

लोगों को सबकुछ नहीं पता होता
कई लोगों का मानना रहा कि भारतीय टीम के इस तरह से रिएक्ट करने की वजह से मैच उसके हाथ से निकल गया। थर्ड अंपायर के इस डिसीजन के बाद भारतीय टीम ने अगले 8 ओवर्स में 40 रन लुटा दिये, जबकि पहले 20 ओवर्स में भारतीय टीम ने महज 60 रन ही दिये थे। ऐसे में जब कोहली से मैच के बाद इस को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने सीधे-सीधे इस पर कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया।
पोस्ट मैच कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए कोहली ने कहा,'मेरे पास इसको लेकर कहने को कुछ भी नहीं है। हमें पता है कि मैदान पर क्या हुआ और बाहर के लोगों को मैदान पर जो भी हुआ उसके बारे में सबकुछ नहीं पता होता है। ऐसे में अगर मैं कुछ कहूं और जो घटा उसे सही साबित करने की कोशिश करूं तो वो समझ नहीं आयेगा। हमने जो किया और उसकी वजह से थोड़ा आगे चले गये...क्या होता अगर हम उसी के बात चार्ज्ड अप हो जाते और 3 विकेट हासिल कर लेते तो वही लम्हा मैच का टर्निंग प्वाइंट बन जाता।'

नहीं करना चाहता कोई नया विवाद खड़ा करना
गौरतलब है कि इस वाक्ये को लेकर अब तक काफी कुछ लिखा और कहा जा चुका है, जो कि अपने आप में ही इसे एक गंभीर विषय बनाता जा रहा है, जिसे देखते हुए कोहली ने कहा कि वो कोई नया विवाद नहीं खड़ा करना चाहते हैं।
कोहली ने आगे बात करते हुए कहा, 'परिस्थितियों की सच्चाई यही है कि हम उन पर लंबे समय तक दबाव बनाने में कामयाब नहीं रहे, जिसकी वजह से हमें हार का सामना करना पड़ा। वो एक लम्हा काफी अच्छा लगा और उत्साह भरा था। सच तो यह है कि मैं इसको लेकर कोई कॉन्ट्रोवर्सी नहीं देना चाहता। वो एक लम्हा था और हम उससे आगे निकल चुके हैं।'












Click it and Unblock the Notifications