विराट कोहली ने क्यों छोड़ी आरसीबी की कप्तानी, खुद किया चौंकाने वाला खुलासा
विराट कोहली ने कप्तानी छोड़ने के बाद बतौर खिलाड़ी आरसीबी के साथ जुड़े रहने का निर्णय लिया। बाद में फाफ डू प्लेसी को यह जिम्मेदारी मिली थी।

Virat Kohli on captaincy with RCB: लम्बे समय तक आरसीबी की कप्तानी करने के बाद विराट कोहली ने साल 2021 में पद छोड़ सिर्फ खिलाड़ी के रूप में खेलने का निर्णय लिया था। हर किसी को कोहली के निर्णय से हैरानी हुई थी। कोहली कप्तानी छोड़ गए और वह पल उनके लिए शायद सबसे ज्यादा भावुक रहा होगा। अपनी कप्तानी के अंतिम सीजन को लेकर विराट कोहली ने बयान दिया है। उन्होंने बताया कि कप्तानी छोड़ते समय उनके मन में क्या चल रहा था।

कप्तानी छोड़ते समय सब खाली सा लगा
आरसीबी बोल्ड डायरीज में विराट कोहली ने कहा कि मेरा कार्यकाल समाप्त हो रहा था तब मुझे किसी चीज पर भरोसा नहीं रहा था। ऐसा लग रहा था कि सब कुछ खाली सा है। वह मेरा नजरिया था और मैं कप्तानी छोड़कर चला गया। व्यक्तिगत रूप से मेरा यह मानना था कि मैंने काफी कुछ देख लिया है, अब कप्तानी और ज्यादा नहीं संभाल सकता। कोहली ने कहा कि अगले साल टीम में कुछ और ज्यादा उत्साहित लोग आए। उनसे नए आइडिया टीम को मिले।

नए लोगों ने टीम में ऊर्जा का संचार किया
कोहली ने कहा कि नए लोगों के आने से टीम में नई ऊर्जा का संचार हुआ और हम लगातार तीसरी बार प्लेऑफ़ में पहुँच गए। अब हर साल हम नए उत्साह के साथ आईपीएल में अपना अभियान शुरू करते हैं। मैं खुद भी अब उत्साहित महसूस करता हूं। कोहली ने आईपीएल 2019 का सीजन भी याद किया, जब आरसीबी को लगातार छह मैचों में हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि मुझे याद है जब छठे मैच में हार के बाद सभी खिलाड़ी एकत्रित हुए थे। कप्तान होने के नाते मैं पूरी तरह से खुद को ही नहीं पहचान पा रहा था। ऐसा लग रहा था कि अब आत्मविश्वास मेरे अंदर नहीं बचा है। पोस्ट मैच के बाद सबसे पहले एबी डीविलियर्स मेरे सामने आकर खड़े हो गए। यह कुछ ऐसा था कि हम लगभग 15 साल से एक साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हैं लेकिन छह मैच लगातार कभी नहीं हारे।

कोहली के बाद फाफ डू प्लेसी बने कप्तान
गौरतलब है कि कोहली द्वारा आरसीबी की कप्तानी छोड़ने के बाद दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डू प्लेसी को यह जिम्मेदारी दी गई थी। फाफ डू प्लेसी की कप्तानी में आरसीबी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए प्लेऑफ़ में जगह बनाई। हालांकि एक बार फिर से कप जीतने का सपना पूरा नहीं हुआ। आरसीबी ने चौथे स्थान के साथ अपना अभियान समाप्त किया।












Click it and Unblock the Notifications