विराट कोहली के शुभचिंतक रवि शास्त्री का बड़ा बयान, कहा- अगर करियर लंबा चलाना है तो IPL से हो जाएं बाहर
नई दिल्ली, अप्रैल 27। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली का आईपीएल में लगातार खराब प्रदर्शन जारी है। कोहली आईपीएल के मौजूदा सत्र में बुरे दौर से गुजर रहे हैं। कोहली ने इस सीजन के 9 मैचों में अभी तक सिर्फ 128 रन बनाए हैं। कोहली के इस प्रदर्शन को देखने के बाद उनके फैंस बहुत दुखी हैं, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि विराट का बल्ला बहुत चलेगा। इस बीच टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने फिर से कोहली पर उम्मीद जताई है। रवि शास्त्री ने फिर से कोहली को आराम दिए जाने की वकालत की है।

कोहली के लिए ब्रेक जरूरी- रवि शास्त्री
मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच के बाद रवि शास्त्री ने एक यूट्यूब चैनल से बात करते हुए कहा कि कोहली को इस वक्त एक ब्रेक की जरूरत है ताकि वो अपने दिमाग को तरोताजा कर सकें। रवि शास्त्री ने कहा है, "मुझे लगता है कि विराट को एक ब्रेक की जरूरत है, क्योंकि वो नॉन स्टॉप क्रिकेट खेल रहे हैं और टीम इंडिया के लिए उन्होंने तीनों फॉर्मेट में कप्तानी भी की है, इसलिए कोहली के लिए यह समझदारी होगी कि वो एक ब्रेक ले लें।"
Recommended Video

विराट को हट जाना चाहिए आईपीएल से
रवि शास्त्री ने आगे कहा कि अगर विराट कोहली को अपने करियर को और 6-7 साल के लिए चलाना है तो उन्हें आईपीएल से हट जाना चाहिए, अगर कोहली ऐसा करते हैं तो उनका अंतरराष्ट्रीय करियर और लंबा चलेगा। रवि शास्त्री ने कहा कि यह बात सिर्फ कोहली के लिए ही नहीं बल्कि अन्य खिलाड़ियों के लिए भी है कि अगर आपको भारत के लिए 14-15 साल क्रिकेट खेलना है तो आपको एक लाइन जरूर खींचनी होगी, जहां आप ब्रेक ले सकें। रवि शास्त्री ने कहा कि विराट को इस वक्त 2 से ढाई महीने के आराम की जरूरत है, ताकि आने वाले इंटरनेशनल टूर और आईसीसी टूर्नामेंट के लिए वो पूरी तरह से तैयार हो जाएं।

शास्त्री की बात से पीटरसन भी सहमत
रवि शास्त्री ने आगे कहा कि अगर आप विराट को जबरदस्ती क्रिकेट खिलाओगे तो आप आप एक अच्छे खिलाड़ी को गंवा दोगे, वो आगे कभी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाएगा, इसलिए हमें समय रहते सही फैसला ले लेना चाहिए। रवि शास्त्री की बात से इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन भी सहमत नजर आए।












Click it and Unblock the Notifications