'नीचे गिर जाऊंगा, पर उड़ा तो क्या होगा', कोहली उड़ने के लिए तैयार, पीटरसन हैं 'दिल से' साथ
नई दिल्ली, 16 जुलाई: हाल के दिनों में अपने खराब बल्लेबाजी फॉर्म पर लगातार आलोचना का सामना करने के बाद विराट कोहली ने शनिवार (16 जुलाई) को सोशल मीडिया का सहारा लिया और एक पोस्ट साझा की। पोस्ट में कोहली ने मनोवैज्ञानिक बात कही है तो प्रेरणादायक तो है लेकिन खुद पूर्व कप्तान को फिलहाल इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है।
कोहली ने पोस्ट में दो पंख दिखाए, ये किसी फिल्मी फरिश्ते के पंख जैसे हैं। तस्वीर में पंखों के ऊपर नीचे दो बात लिखी हैं।

क्या होगा अगर मैं गिर गया
पहली बात- क्या होगा अगर मैं गिर गया
दूसरी बात- ओह लेकिन मेरे प्यारे, क्या होगा अगर तुम उड़ गए।
कोहली ने इस तस्वीर पर कैप्शन दिया है- नजरिया।
भारतीय बल्लेबाजी के दिग्गज का पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है जैसा की अमूमन कोहली की पोस्ट पर होता है।

आप बड़े आदमी हैं
पोस्ट पर ध्यान देते हुए, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन कोहली के मजबूत समर्थन में सामने आए और कहा कि ज्यादातर लोग केवल वही देख सकते हैं जो उन्होंने खेल में पहले ही हासिल कर लिया है। पीटरसन ने पोस्ट के कमेंट सेक्शन में कहा, "आप बड़े आदमी हैं! लोग केवल सपने देख सकते हैं कि आपने क्रिकेट में क्या किया है। और वे कुछ बेहतरीन खिलाड़ी हैं जिन्होंने खेल खेला है।"

आप वापस आ जाएंगे
बाद में, उन्होंने भारतीय बल्लेबाजी के दिग्गज के समर्थन में एक और पोस्ट डाला और कहा कि क्रिकेट के बाहर एक दुनिया है और वह जल्द ही अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर वापस आ जाएंगे।
केविन ने कहा, "दोस्त, आपने करियर में कुछ सर्वश्रेष्ठ हासिल किया है, कई लोग केवल सोचते चले गए कि काश वे वही कर पाते जो आपने (अब तक) किया है। गर्व करें, लंबा चलें और जीवन का आनंद लें। लाइफ में क्रिकेट के बुलबुले के अलावा और भी बहुत कुछ है। आप वापस आ जाएंगे।"

पीटरसन हैं 'दिल से' साथ
पीटरसन ने दिल की इमोजी के साथ ट्विटर पर इसको शेयर किया है।
इससे पहले पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम द्वारा कोहली के समर्थन में एक ट्वीट के साथ इंटरनेट पर तूफान आया था। जिसके बाद कोहली को लोगों का सपोर्ट मिल रहा है।
कोहली ने 2019 के बाद से कोई अंतरराष्ट्रीय शतक नहीं बनाया है। इंग्लैंड के खिलाफ चल रहे दौरे में, उन्होंने तीन प्रारूपों में पांच पारियां खेली हैं, लेकिन एक भी अर्धशतक नहीं बनाया है।












Click it and Unblock the Notifications