कोहली के खराब प्रदर्शन को लेकर सुनील गावस्कर ने दिया चौंकाने वाला बयान, विराट के फैंस हुए नाराज
नई दिल्ली, मई 08। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली का आईपीएल में निराशाजनक प्रदर्शन जारी है। रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ कोहली एकबार फिर पारी की पहली ही गेंद पर आउट हो गए। यह इस सीजन का तीसरा मौका था, जब कोहली गोल्डन डक का शिकार हुए। कोहली के शून्य पर आउट होने के बाद एकबार फिर से उन्हें आराम दिए जाने की मांग उठने लगी है, लेकिन इस बीच पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने एक चौंकाने वाला बयान दिया है।

'विराट को इंडिया के मैच से ब्रेक नहीं लेना चाहिए'
सुनील गावस्कर ने रविवार को कहा कि विराट कोहली को भारत के मैचों से ब्रेक नहीं लेना चाहिए। गावस्कर ने कहा कि यह मेरा सुझाव है कि कोहली को अपने खराब फॉर्म पर काम करना चाहिए, उन्हें इसके लिए मेहनत करनी होगी, इसलिए वो भारत के मैचों से ब्रेक ना लें। हालांकि गावस्कर ने यह जरूर कहा कि विराट को आईपीएल से ब्रेक लेना चाहिए था। आपको बता दें कि गावस्कर का बयान ऐसे समय में आया है, जब टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री कोहली को ब्रेक देने की वकालत कर चुके हैं।

बाहर बैठने से फॉर्म हासिल नहीं होगा- गावस्कर
सुनील गावस्कर ने रविवार को स्टार स्पोर्ट्स के साथ बात करते हुए कहा कि ब्रेक का मतलब यह नहीं है कि कोहली को भारत के मैच मिस कर देने चाहिए, भारत के लिए खेलना हमारी पहली प्राथमिकता होना चाहिए, यह उतना आसान नहीं है। गावस्कर ने कहा कि अगर आप नहीं खेलेंगे तो आपको अपना फॉर्म कैसे वापस मिलेगा? चेजिंग रूम में बैठने से आपको अपना फॉर्म नहीं मिलेगा, फॉर्म हासिल करने के लिए आपको खेलना होगा।

पूरा देश चाहता है कि कोहली फॉर्म में आएं- गावस्कर
गावस्कर ने आगे कहा कि पूरा भारत चाहता है कि कोहली फॉर्म में लौट आए और एक महत्वपूर्ण वर्ष में भारत के लिए रन बनाए, वो भी उस वक्त जब इंग्लैंड की टीम भारत के दौरे पर आने वाली है और उसके बाद एशिया कप और टी 20 विश्व कप भी होना है।
Recommended Video

रवि शास्त्री ने उठाई थी कोहली को आराम दिए जाने की मांग
आपको बता दें कि विराट कोहली को आराम दिए जाने की बात सबसे पहले रवि शास्त्री की ओर से की गई थी। कोहली के फॉर्म को देखते हुए रवि शास्त्री ने कहा था कि वो लगातार मैच खेल रहे हैं, उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। ऐसे में उन्हें एक ब्रेक की जरूरत है, जिससे कि वो प्रतिस्पर्धा में आ सकें। रवि शास्त्री ने अपनी इस मांग को कई बार दोहराया है।
ये भी पढ़ें: IPL 2022 के प्लेऑफ में अब भी क्वालिफाई कर सकती है चेन्नई, जानें क्या है समीकरण












Click it and Unblock the Notifications