बुरे दौर के बीच भगवान की शरण में पहुंचे कोहली, लंदन में अनुष्का संग भजन-कीर्तन में लिया हिस्सा
लंदन, जुलाई 16। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली इस वक्त करियर के लिहाज से सबसे बुरे दौर से गुजर रहे हैं। पिछले ढाई साल से विराट कोहली की खराब फॉर्म जारी है। आईपीएल के बाद इंग्लैंड में पहले टेस्ट, फिर टी20 और अब वनडे सीरीज में भी विराट कोहली फॉर्म से जूझ रहे हैं। विराट का प्रदर्शन इस कदर नीचे आ चुका है कि उन्हें अब टीम से बाहर किए जाने की भी मांग हो रही है, लेकिन इन सबके बीच विराट कोहली भगवान की शरण में गए हैं।

कृष्णा दास के कीर्तन में पहुंचे कोहली
दरअसल, विराट कोहली लंदन में अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ एक भजन-कीर्तन का कार्यक्रम अटैंड करने पहुंचे। सोशल मीडिया पर विराट और अनुष्का की फोटोज भी सामने आई हैं। आपको बता दें कि विराट और अनुष्का लंदन में मशहूर अमेरिकी भजन गायक कृष्णा दास के सीताराम कीर्तन में पहुंचे थे। सोशल मीडिया पर विराट और अनुष्का की तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिसमें विराट और अनुष्का फैंस के साथ भी नजर आ रहे हैं।

वनडे सीरीज के लिए लंदन में हैं विराट कोहली
आपको बता दें कि विराट कोहली अभी वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया के साथ इंग्लैंड में मौजूद हैं। तीन वनडे मैचों की सीरीज के 2 मुकाबले हो चुके हैं, जिनमें से पहले मैच में कोहली ग्रोइंग सर्जरी के कारण खेले नहीं थे, लेकिन दूसरे वनडे में उन्होंने वापसी की पर उसका कोई फायदा नहीं दिखा। दूसरे वनडे में कोहली सिर्फ 16 रन बनाकर आउट हो गए। अब सीरीज का आखिरी मुकाबला रविवार को खेला जाएगा, जिसमें विराट प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे इसकी बहुत अधिक संभावना है। कल के मैच में वापसी करने का कोहली के पास सुनहरा मौका होगा, क्योंकि उसके बाद कोहली वेस्टइंडीज टूर पर टीम का हिस्सा नहीं होंगे।

2019 के बाद से नहीं आया शतक
विराट कोहली के खराब प्रदर्शन को ऐसे भी समझा जा सकता है कि उन्होंने 2019 के बाद से एक भी शतक नहीं लगाया है। 2019 में कोहली ने बांग्लादेश के खिलाफ ऐतिहासिक पिंक टेस्ट में आखिरी शतक लगाया था। इसके अलावा कोहली ने पिछले पांच महीने से एक भी हाफ सेंचुरी नहीं लगाई है।












Click it and Unblock the Notifications