VIDEO: इंग्लैंड-दक्षिण अफ्रीका मैच में अजीबोगरीब मामला, अल्ट्रा एज से दिया रन आउट का फैसला
SA vs ENG: क्रिकेट के मैदान पर डीआरएस और अल्ट्रा एज का इस्तेमाल पगबाधा आउट, कैच आउट आदि के लिए किया जाता है। अंपायरों की सुविधा और फैसलों में सटीकता लाने के लिए इस तकनीक को लाया गया था और इसका इस्तेमाल बखूबी हो भी रहा है लेकिन क्या हो जब किसी रन आउट में इसका उपयोग किया जाए।
दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच चैम्पियंस ट्रॉफी मुकाबले के दौरान ऐसा ही देखने को मिला है। रन आउट की अपील के बाद अंपायर ने अल्ट्रा एज का इस्तेमाल करते हुए फैसला दे दिया। ऐसा बहुत कम ही होता है, या शायद यह इस तरह का पहला मामला होगा।

अफ्रीकी टीम के चेज के दौरान 18वें ओवर की पहली गेंद पर यह घटना हुई। ओवरटन गेंदबाजी कर रहे थे और उनकी गेंद पर क्लासेन ने सीधा शॉट जमा दिया। इसके बाद गेंदबाज के जूते के करीब से निकलकर गेंद नॉन स्ट्राइक पर विकेटों पर लगी। उस समय वैन डर डुसेन क्रीज से बाहर थे।
रन आउट की अपील पर मुख्य अंपायर ने फैसला टीवी अंपायर के पास भेज दिया। वहां से ऐसा नहीं दिखा कि गेंद जूते से लगकर विकेट में लगी है। अंपायर ने इसके बाद अल्ट्रा एज लाने का आदेश दे दिया। अल्ट्रा एज पर भी कोई हलचल नहीं दिखी और बल्लेबाज को नॉट आउट दिया गया। अल्ट्रा एज का यह बड़ा दुर्लभ मामला देखने को मिला है। आम तौर पर ऐसा नहीं होता है।
विकेटों के पीछे लगे माइक से सेंसर आवाज पकड़ लेता है, इससे अल्ट्रा एज पर हरकत दिखती है। यहाँ तो आधी पिच पर गेंदबाज के जूते के करीब से गेंद निकली थी, आवाज पकड़ने का कोई सवाल ही नहीं था लेकिन अंपायर ने फिर भी इसका इस्तेमाल कर लिया। मैच के बाद आईसीसी ने हे इसका वीडियो जारी किया और इसे दुर्लभ मामला बताया।
इंग्लैंड से मिले 180 रनों का लक्ष्य दक्षिण अफ्रीका ने 3 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया और सेमीफाइनल में जगह हासिल कर ली। ग्रुप ए से भारत और न्यूजीलैंड अगले चरण में गई है। ग्रुप बी से ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका ने जगह बनाई है।












Click it and Unblock the Notifications