वेंकटेश प्रसाद ने कर दी पाकिस्तान की बोलती बंद, मियांदाद के विवादित बयान पर किया पलटवार
Venkatesh Prasad reply to Javed Miandad: इस साल एशिया कप और वर्ल्ड कप का आयोजन है। इन दोनों ही टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच भिड़ंत होने की उम्मीद है।

Venkatesh Prasad reply to Javed Miandad: भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच का इंतजार फैंस बेसब्री के साथ करते हैं। पिछले साल यानी 2022 में इन दोनों के बीच एशिया कप और टी-20 वर्ल्ड कप में खेले गए मुकाबले काफी रोमांचक रहे थे। अब साल 2023 में भी एशिया कप और वनडे वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान की टीम आपस में टकरा सकती है। लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से पहले दोनों देशों के खिलाड़ियों के बीच बयानबाजी का दौर जारी है।

पाकिस्तान में नहीं होगा एशिया कप!
इस साल पाकिस्तान में एशिया कप का आयोजन किया जाना था। लेकिन भारतीय खिलाड़ियों के पाकिस्तान दौरे पर नहीं जाने के कारण अब एशिया कप किसी न्यूट्रल वेन्यू पर आयोजित किया जाएगा। एशियन क्रिकेट काउंसिल की मीटिंग में बीसीसीआई सेक्रेट्री जय शाह ने अपना पक्ष रखते हुए साफ कर दिया है कि भारत पाकिस्तान जाकर एशिया कप में हिस्सा नहीं लेगी। जय शाह ने खिलाड़ियों की सुरक्षा का हवाला देते हुए एशिया कप को कहीं और आयोजित कराने की मांग की है।

मियांदाद ने भारत को लेकर दिया विवादित बयान
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर और कप्तान जावेद मियांदाद ने एशिया कप के मुद्दे पर विवादित बयान दिया है। उन्होंने एक यू-ट्यूब चैनल से बात करते हुए कहा कि मैं तो पहले भी कहता था, नहीं आते तो भाड़ में जाएं, हमें कोई फर्क नहीं पड़ता। मियांदाद ने कहा कि आईसीसी का हर देश के लिए एक नियम होना चाहिए। अगर ऐसी टीमें नहीं आती हैं तो चाहे वे कितनी भी मजबूत क्यों न हों, आपको उन्हें हटा देना चाहिए। अब जावेद मियांदाद के इस बयान पर भारत के पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद ने अपनी बात रखी है

वेंकटेश प्रसाद ने दिया मुंहतोड़ जवाब
पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद ने जावेद मियांदाद के बयान पर पलटवार किया है। मियांदाद के India, Go to hell ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए लिखा कि लेकिन वे भाड़ में जाने से इनकार कर रहे हैं। वेंकटेश प्रसाद के मुताबिक पाकिस्तान ही तो नरक है और हम वहीं पर तो जाने से इंकार कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर वेंकटेश प्रसाद द्वारा दिए गए इस जवाब को भारतीय क्रिकेट फैंस खासा पसंद कर रहे हैं।

पाकिस्तान में सुरक्षित नहीं खिलाड़ी
हाल ही में पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के उद्घाटन मैच के दौरान ही क्वेटा में बम विस्फोट हुआ है। जिसके बाद मैच को बंद कर खिलाड़ियों को बाहर ले जाया गया। पाकिस्तान की हालात को देखते हुए वहां भारतीय टीम को भेजना वाकई में चिंता का एक बड़ा कारण बन सकता है। यही वजह है कि पिछले साल बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कहा था कि एशिया कप तटस्थ स्थान पर होगा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिए थे कि टीम इंडिया 2023 एशिया कप के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications