वैभव सूर्यवंशी की उम्र का फिर उठा मुद्दा, ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ब्रेट ली ने दी बड़ी प्रतिक्रिया
Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी का नाम इस समय दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों की जुबान पर है। सिर्फ 15 साल की उम्र में जिस तरह उन्होंने आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई है, वह काफी खास है। अब ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने भी इस युवा बल्लेबाज की जमकर तारीफ की है।
रणवीर अलाहबादिया के शो में ब्रेट ली ने कहा कि भारत से बाहर लोग लगातार यह सवाल पूछ रहे हैं कि वैभव वास्तव में 15 साल के हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि अगर वह 15 साल के हैं तो शानदार है, लेकिन अगर 17 या 18 साल के भी हैं तो इससे क्या फर्क पड़ता है।

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व धांसू गेंदबाज के अनुसार सबसे अहम बात यह है कि यह बच्चा क्रिकेट खेलना जानता है। ली ने वैभव को भारत के लिए शानदार खोज बताया और कहा कि वह आगे चलकर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने कमिंस और स्टार्क जैसे गेंदबाजों का सामना जिस तरह से किया, उससे वह प्रभावित हुए हैं।
97 रनों की पारी ने किया ख़ासा प्रभावित
ली ने खास तौर पर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ वैभव की 97 रन की पारी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज उस मुकाबले में पूरी रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे थे लेकिन वैभव ने उनके खिलाफ जिस तरह हुक और पुल शॉट खेले, वह देखने लायक था।
ली ने कहा कि वैभव अभी बच्चा है और उसे बच्चा ही रहने देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि उस पर बहुत ज्यादा दबाव नहीं डालना चाहिए। इतनी कम उम्र में लगातार मिल रही सफलता और सुर्खियों के बीच युवा खिलाड़ी के लिए खुद को संभालना भी बड़ी चुनौती होती है।
वैभव सूर्यवंशी बने उपकप्तान
वैभव सूर्यवंशी को घरेलू क्रिकेट में उपकप्तान भी बनाया गया है। दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन के लिए उनको टीम का उपकप्तान बनाया गया है। देखना होगा कि रेड बॉल क्रिकेट में वह कैसा खेल दिखाते हैं, साथ ही उनकी लीडरशिप भी देखने को मिलेगी।


Click it and Unblock the Notifications
