लगातार दो सेंचुरी लगाकर भी करियर अधर में, ख्वाजा ने कहा- मुझे अगले मैच में चयन की उम्मीद नहीं
नई दिल्लीः ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में कमाल करने के बावजूद भी अगले मुकाबले की प्लेइंग इलेवन में जगह पाने की उम्मीद नहीं है। ख्वाजा ने ढाई साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी करते हुए सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में दोनों पारियों में शतक लगाया और अपनी टीम को जीत की स्थिति में पहुंचाने में एक अहम भूमिका निभाई। यह एशेज सीरीज का चौथा टेस्ट मुकाबला था।

पांचवें टेस्ट मैच में चुने जाने की उम्मीद नहीं-
35 साल के ख्वाजा ने आखिरी टेस्ट मैच 2019 एशेज में खेला था और अब उनको मौजूदा एशेज सीरीज के चौथे टेस्ट में खेलने का मौका तब मिला जब ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ट्रेविस हेड कोविड पॉजिटिव पाए गए। ख्वाजा ने किस्मत से मिले मौके को दोनों हाथों से भुनाया। उन्होंने सिडनी की पहली पारी में 137 और दूसरी में 101 नाबाद रन बनाए।
ख्वाजा के इस प्रदर्शन ने ऑस्ट्रेलिया के सिर में दर्द कर दिया होगा क्योंकि पांचवें टेस्ट मैच के लिए ट्रेविस हेड चयन में उपलब्ध होंगे। ख्वाजा ने शनिवार को कहा कि वह ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने के सपने को जी रहे हैं लेकिन उनको पांचवें टेस्ट मैच में चुने जाने की उम्मीद नहीं है।

जो भी होगा मैं उसके लिए तैयार रहूंगा- उस्मान ख्वाजा
ख्वाजा कहते हैं, "इस समय मैं अगले टेस्ट मैच में खेलने की उम्मीद नहीं कर रहा हूं, लेकिन जो भी होगा मैं उसके लिए तैयार रहूंगा। कौन जानता है फिर किसी को कोविड हो जाए, कुछ भी हो सकता है। आपको तैयार होना होता है।"
ख्वाजा कहते हैं कि हर क्रिकेट चाहता है कि उसका चयन नियमित तौर पर होता रहे लेकिन अच्छी बात यह भी है कि चयनकर्ताओं ने उनके साथ बहुत अच्छी बातचीत की है और टेस्ट टीम में उनकी जगह को लेकर पूरी पारदर्शिता से बताया है।

'मैं अंदर और बाहर होता रहा हूं'
ख्वाजा कहते हैं कि वे अंदर और बाहर आते रहे हैं। लेकिन वे इस बात का आनंद लेते हैं कि चयनकर्ता खिलाड़ियों के साथ किस तरह की प्रोसेस तय करते हैं।
वैसे ऑस्ट्रेलिया को उसके निर्मम तौर तरीकों के लिए जाना जाता है। ट्रेविस हेड ने एशेज सीरीज के पहले ही मुकाबले में तूफानी शतक लगाकर श्रंखला की टोन सेट कर दी थी। वे फिट होकर भी वापस नहीं आते तो उनको बुरा लगेगा और दो शतक लगाकर अगर ख्वाजा को अगले मुकाबले से बाहर कर दिया जाता है तो यह क्रिकेट के लिए एक खराब संदेश होगा। यह ऑस्ट्रेलियाई सेलेक्टरों के लिए अच्छा और बुरा दोनों तरह का सिरदर्द है।
जहां तक सिडनी टेस्ट की बात है तो यह कुछ हद तक बारिश से प्रभावित रहा और ऑस्ट्रेलिया ने पूरी तरह से इंग्लैंड को दबा दिया है। पहले ही 3-0 से आगे चल रहे कंगारूओं ने इस मुकाबले में भी जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। खबर लिखे जाने तक पांचवे दिन का आखिरी सत्र चल रहा था जहां ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए केवल दो ही विकेटों की दरकार है।












Click it and Unblock the Notifications