उमरान मलिक ने ऐसे दिलाई भारत को रोमांचक जीत, देखें आखिरी ओवर की हर गेंद पर कैसे अटकी थी सांसें
भारत और आयरलैंड के बीच मंगलवार को बहुत ही रोमांचक टी20 मैच खेला गया।
डबलिन, 29 जून: भारत और आयरलैंड के बीच मंगलवार को बहुत ही रोमांचक टी20 मैच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 225/7 का स्कोर जरूर बनाया, लेकिन मेजबान टीम ने भी हार नहीं मानी। आयरलैंड ने भी अपना पूरा दमखम दिखाया और टीम इंडिया को कड़ी चुनौती दी। आखिरी ओवर में आयरिश टीम को जीत के लिए 17 रन की दरकार थी और मैच का रिजल्ट किसी भी टीम के पक्ष में जा सकता था। ऐसे में स्पीड स्टार उमरान मलिक (Umran Malik) भारत की जीत को पक्का किया।

आखिरी ओवर का पूरा रोमांच
आखिरी ओवर में आयरलैंड को जीत के लिए 17 रन बनाने थे, लेकिन उमरान मलिक ने अपनी पेस का जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए भारत को हार से बचा लिया। चलिए आपको बताते आखिरी ओवर में क्या-क्या हुआ। मेजबान टीम की ओर से जॉर्ज डॉकरेल और मार्क ऐडेर क्रीज पर मौजूद थे...
19.1: स्ट्राइक पर ऐडेर थे, उमरान ने ऑफ स्टंप के बाहर गुड लेंथ गेंद फेंकी कोई रन नहीं
19.2: उमरान ने एक और डॉट बॉल डाली, लेकिन इस बार ओवर स्टेपिंग के चलते नो बॉल हो गई।
19.2: फ्री हिट गेंद पर ऐडेर ने एक्स्ट्रा कवर की दिशा में ड्राइव कर शानदार चौका लगाया।
19.3: इस बार उमरान ने 145 की स्पीड से गेंद फेंकी, लेकिन गेंद ऐडेर के बल्ले का किनारा लेते हुए शॉर्ट थर्डमैन के ऊपर से चली गई... एक और चौका
19.4: एक बार फिर से गेंद ऐडेर के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेते हुए और शॉर्ट फाइन लेग पर गई गेंद। ऐडेर ने सिंगल चुराया...
19.5: अब डॉकरेल क्रीज पर आए, लेकिन उमरान ने उनको कोई मौका नहीं दिया। आयरलैंड को बाई का रन मिला... अब 1 गेंद पर 6 रन की दरकार थी।
19.6: उमरान ने सूझबूझ से ऑफ स्टंप के बाहर लेंथ गेंद डाली, बल्लेबाज ऐडेर ने स्क्वेयर कट किया लेकिन इस शॉट के लिए डीप प्वाइंट पर फील्डर मौजूद था। आयरलैंड को 1 रन मिला और भारत 4 रन से मुकाबला जीत गया।

छा गए उमरान मलिक
आयरलैंड सीरीज से अपने इंटरनेशनल करियर का आगाज करने वाले उमरान मलिक के लिए यह मुकाबला वाकई में यादगार रहा। अपने दूसरे ही मैच में उन्होंने भारत को विजेता बनाया। पहले मैच में उनको केवल 1 ही ओवर करने का मौका मिला था, लेकिन इस मुकाबले में युवा तेज गेंदबाज ने 4 ओवर में 42 रन देकर 1 विकेट अपनी झोली में डाला। उन्होंने लोर्कन टकर (5) को युजवेंद्र चहल के हाथों कैच आउट करा, टीम इंडिया के लिए अपनी पहली विकेट चटकाई।

भारत ने बनाए थे 225
इससे पहले टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 225/7 का स्कोर खड़ा किया था। भारत की ओर से दीपक हुड्डा ने कमाल की पारी खेलते हुए 104 रन बनाए, जबकि प्लेइंग-11 में वापसी करने वाले संजू सैमसन के बल्ले से भी 77 रन देखने को मिले। दोनों खिलाड़ियों ने दूसरे विकेट के लिए केवल 87 गेंदों पर 176 रन जोड़े। भारत की ओर से टी20 इंटरनेशनल में ये सबसे बड़ी साझेदारी भी रही।












Click it and Unblock the Notifications