U19 WC 2022: खिताब जीतने पर शेख रसीद के मुरीद हुए कप्तान, बताया बल्ले के अलावा कैसे दिया योगदान

नई दिल्ली। भारत की अंडर 19 क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज की सरजमीं पर खेले जा रहे क्रिकेट विश्वकप में शनिवार को इतिहास रच दिया, जहां पर एंटिगुआ के सर विवियन रिचर्डस स्टेडियम में फाइनल खेलने उतरी भारत की टीम ने इंग्लैंड को 4 विकेट से हराकर अंडर 19 क्रिकेट विश्वकप का 5वां खिताब अपने नाम कर लिया। भारतीय क्रिकेट टीम ने इससे पहले साल 2000, 2008, 2012 और 2018 में भी अंडर 19 क्रिकेट विश्वकप का खिताब अपने नाम कर चुका है। यह भारतीय टीम के लिये इस टूर्नामेंट में 8वां मौका था जब वो फाइनल खेलने उतरी थी। दोनों ही टीमें इस फाइनल से पहले तक अजेय रही थी, लेकिन खिताबी मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने इंग्लैंड से ज्यादा बेहतर प्रदर्शन किया और खिताब अपने नाम करने में कामयाब रहे।
और पढ़ें: U19 WC 2022 में जीत के बाद भारतीय टीम कैसे मनायेगी जश्न, यश धुल ने बताया मजेदार तरीका
इस खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम के लिये पहले राज बावा और रवि कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए महज 91 रन के स्कोर पर इंग्लिश टीम के 7 विकेट हासिल कर लिये थे, लेकिन जेम्स रियु की 95 रनों की पारी की मदद से इंग्लैंड की टीम 189 रन का जुझारू स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही। भारतीय टीम ने रनों का पीछा करते हुए संभली हुई शुरुआत की और जब टीम मुश्किलों में नजर आ रही थी तो उपकप्तान शेख रशीद (50) ने अर्धशतक जड़ टीम को बाहर निकाला तो वहीं पर निशांत सिंधु (50) ने खिताबी जीत सुनिश्चित की।
और पढ़ें: U19 WC का 5वां खिताब जीतने पर पीएम मोदी ने दी भारतीय टीम को बधाई, कहा- भविष्य सुरक्षित हाथों में है
Recommended Video

शेख रसीद ने कप्तानी में की काफी मदद
अंडर 19 क्रिकेट विश्वकप का 5वां खिताब अपने नाम करने के बाद भारतीय कप्तान यश धुल टीम के सभी खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की तो वहीं पर उपकप्तान शेख रशीद के लिये बेहद खास शब्दों का इस्तेमाल किया। यश धुल ने बताया कि उपकप्तान शेख रशीद ने न सिर्फ बल्लेबाजी से जीत में अहम योगदान दिया बल्कि फील्डिंग के दौरान भी अपनी सलाह से सही डिसीजन लेने में काफी मदद की।
उन्होंने कहा,'शेख रसीद मेरा सबसे अच्छा दोस्त है, हम साथ ही खाना खाते हैं। जब हम फाइनल मैच में एक साथ बल्लेबाजी कर रहे थे तो हमारा बस एक ही प्लान था कि मैच को अंत तक लेकर जाना है और 5-7 ओवर्स पहले जीत हासिल करनी है। हम भले ही आउट हो गये लेकिन निशांत सिंधु हमारी रणनीति को लागू करने में कामयाब रहे। जब मैं फील्ड पर था तो राशिद मुझे लगातार फील्डिंग चेंज के सुझाव दे रहा था जिससे मैं अपना दिमाग फ्री रखने में कामयाब हुआ। इतना ही नहीं इससे मुझे यह आत्म-विश्वास भी मिला कि मैं सही फैसले ले रहा हूं।'

सभी की मेहनत का फल है यह जीत
उल्लेखनीय है कि अंडर 19 विश्वकप से पहले इसी भारतीय टीम ने एशिया कप में श्रीलंका को मात देकर खिताब अपने नाम किया था, जिसके बाद कप्तान यश धुल ने अपने खिलाड़ियों को बैक करते हुए विश्वकप में भी खिलाया और उसका फायदा उन्हें मिला।
कप्तान यश धुल ने आगे बात करते हुए कहा,'यह काफी बड़ा लम्हा है, हर कोई हमारा समर्थन कर रहा था तो हमारे लिये यह टूर्नामेंट जीतना काफी बड़ा लम्हा साबित होने वाला था। यह पूरी टीम की मेहनत का फल है, अपने खिलाड़ियों का समर्थन करना अच्छी टीम की निशानी है। हम सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते रहे, एशिया कप में हमारे मीडियम पेसर्स ने अच्छा प्रदर्शन किया था और विश्वकप में भी वो जलवा बरकरार रहा। रवि कुमार ने हमें अच्छी शुरुआत दिलायी तो राजा बावा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।'

बेहद जरूरी ऑलराउंडर हैं राज बावा
इंग्लैंड के खिलाफ इस फाइनल मैच में भारतीय टीम के लिये हरफनमौला खिलाड़ी राज बावा ने शानदार प्रदर्शन किया, जिन्होंने पहले गेंदबाजी में 5 विकेट हॉल लिये तो वहीं पर बल्लेबाजी में भी 35 रनों का योगदान दिया। जीत के बाद कप्तान ने इस खिलाड़ी की भी जमकर तारीफ की।
उन्होंने कहा,'राज बावा हमारी टीम के लिये बेहद अहम हरफनमौला खिलाड़ी रहे हैं। उनकी मानसिकता काफी अच्छी है और वो अपने खेल को लेकर आत्मविश्वास से भरपूर है। बावा अपनी बाउंसर्स से बल्लेबाजों को हैरान करने में कामयाब रहते हैं और काफी तेज गेंद फेंकते हैं।'

जानें हर खिलाड़ी को मिलेगा कितना इनाम
भविष्य पर बात करते हुए यश धुल ने कहा कि मैं सिर्फ क्रिकेट खेलना चाहता हूं और मेरा सारा ध्यान मेरे खेल पर रहने वाला है। बाकी की सारी चीजें अपने आप हो जायेंगी। मैं चीजों को मैच दर मैच लेकर चलता हूं, फिर देखते हैं कि आगे क्या होता है। गौरतलब है कि भारतीय टीम के खिताब जीतने पर बीसीसीआई सचिव जय शाह ने टीम को बधाई दी थी और हर खिलाड़ी को 40 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ को 25 लाख रुपये की इनामी राशि देने का ऐलान किया।












Click it and Unblock the Notifications