ईरान-इजराइल युद्ध की बलि चढ़ेगा पाकिस्तान क्रिकेट? आसमान से बरसते बारूद ने रोका रास्ता, अहम सीरीज होगी रद्द?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से शर्मनाक विदाई के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम के जख्मों पर अब कुदरत और राजनीति ने मिलकर नमक छिड़क दिया है। जिस टीम को 11 मार्च से बांग्लादेश की धरती पर वनडे सीरीज खेलनी थी, उस पर अब विनाश के काले बादल मंडरा रहे हैं।
ईरान और इजराइल के बीच छिड़े भीषण युद्ध ने पूरी दुनिया के हवाई रास्तों को मौत के जाल में बदल दिया है, जिसका सबसे बड़ा शिकार अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) होता नजर आ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान का बांग्लादेश दौरा रद्द होने की कगार पर है।

ईरान और इजराइल के बीच बढ़ता तनाव अब उस मोड़ पर पहुंच चुका है जहां मिडिल ईस्ट का पूरा एयरस्पेस एक वॉर जोन में तब्दील हो गया है। उड़ानों पर लगे प्रतिबंधों और मिसाइलों के डर ने खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर ऐसी दहशत पैदा कर दी है कि पीसीबी अब इस दौरे से हाथ खींचने की तैयारी में है। यह केवल एक सीरीज का रद्द होना नहीं है, बल्कि खिलाड़ियों की जान पर मंडराता वो खतरा है जिसने क्रिकेट जगत को हिलाकर रख दिया है।
पाकिस्तान की टीम का इसी महीने है दौरा
पाकिस्तान की टीम को 9 मार्च को ढाका पहुंचना था, लेकिन युद्ध की लपटें इतनी तेज हैं कि कोई भी एयरलाइन इस जोखिम को उठाने को तैयार नहीं है। ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में 11, 13 और 15 मार्च को होने वाले मुकाबले अब सिर्फ कागजों पर सिमटते दिख रहे हैं। पाक के लिए भारत का एयरस्पेस बंद है। ऐसे में अन्य रास्तों से ही पाक को बांग्लादेश के लिए जाना है।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भी इस खौफ को स्वीकार किया है। बीसीबी के क्रिकेट ऑपरेशंस चेयरमैन नजमुल आबेदीन ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर हालात ऐसे ही रहे और पाकिस्तान की टीम यात्रा नहीं कर पाई, तो उनके पास इस सीरीज को रद्द करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा।
पाकिस्तान क्रिकेट की फूटी किस्मत
एक तरफ वर्ल्ड कप में टीम इंडिया से मिली करारी हार और सेमीफाइनल की रेस से बाहर होने का गम, और दूसरी तरफ अब इस अहम सीरीज पर छाता युद्ध का साया। पाकिस्तान के लिए यह दौरा 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी का पहला कदम था, लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि सरहदों पर चल रही गोलियां और आसमान में उड़ती मिसाइलें पाकिस्तान के भविष्य को भी अपनी चपेट में ले लेंगी।












Click it and Unblock the Notifications