हार के बाद टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम का पहला वीडियो आया सामने, कोच बढ़ा रहे थे हौसला लेकिन खिलाड़ी...
World Cup Final 2023 Ind Vs Aus: आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2023 का खिताब ऑस्ट्रेलिया जीत चुकी है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 19 नवंबर को खेले गए वर्ल्ड कप फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को छह विकेट से हरा दिया है। वर्ल्ड कप में भारत की हुई हार ने टीम इंडिया के खिलाड़ियों को मायूस कर दिया था।
टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा, दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली से लेकर शिराज और शमी तक के आंखों में आंसू दिखें। अपने पसंदीदा खिलाड़ी को रोते हुए देख फैंस का भी दिल टूट गया। इसके बाद हर भारतीय फैंस ये जानना चाहता है कि जब ये खिलाड़ी ग्राउंड से बाहर जाकर ड्रेसिंग रूम में गए तो क्या हुआ था...? तो बता दें कि अब हार के बाद टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम का पहला वीडियो सामने आ गया है।

इंडियन क्रिकेट टीम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 20 नवंबर की सुबह एक वीडियो जारी किया गया, जिसमें टीम इंडिया के पूरी जर्नी दिखाई गई है। इस वीडियो में टीम इंडिया के फील्डिंग कोच टी दिलीप मायूस खिलाड़ियों को सांत्वना देते दिख रहे हैं और उनका हौसला बढ़ा रहे हैं।
इस वीडियो के कैप्शन में लिखा है, ''हमारे पहले मेडल सेरेमनी से लेकर लास्ट मेडल सेरेमनी तक, उन सभी फैंस को धन्यवाद जिन्होंने हमें इसके लिए बहुत प्यार दिया। कल, हमने ड्रेसिंग रूम में अपना उत्साह ऊंचा रखा और आखिरी बार हमने बेस्ट फील्डर का अवॉर्ड दिया है।''
बता दें कि इस विश्व कप के शुरू होने के बाद से टीम इंडिया के फील्डिंग कोच टी दिलीप हर मैच में सबसे बढ़िया कैच लेने वाले खिलाड़ियों को ड्रेसिंग रूम में एक मेडल देकर सम्मानित करते हैं। इस वीडियो के जरिए, टी दिलीप ये बता रहे हैं कि हमने हार के बाद भी अपनी परंपरा नहीं बदली और फाइनल मैच में बेस्ट कैच लेने के लिए विराट कोहली को मेडल दिया।
टी दिलीप ने हार के बाद ड्रेसिंग रूम में क्या कहा?
वीडियो में साफ-साफ टीम इंडिया के फील्डिंग कोच टी दिलीप को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करारी हार के बाद मेन इन ब्लू में जोश भरते देखा जा सकता है। टी दिलीप ने कहा, "दोस्तों, मैं जानता हूं कि यह मुश्किल है और हम सभी को दर्द महसूस होता है, लेकिन यही है। हमने संभवतः सब कुछ सही किया और फिर भी रिजल्ट हमारे पक्ष में नहीं है।''
वीडियो में जब फील्डिंग कोच टी दिलीप मायूस खिलाड़ियों का हौसला बढ़ा रहे हैं तो सारे के चेहरों पर हार की निराशा साफ दिखाई दे रही है। टी दिलीप ने कहा है कि ऐसा होता है, ये खेल है और हम इस चीज से और मजबूत बनकर उभरेंगे।












Click it and Unblock the Notifications