WPL 2023 के लिए हुआ टाइटल स्पॉन्सर का ऐलान, दिग्गज कॉर्पोरेट ग्रुप का नाम घोषित
महिला प्रीमियर लीग अगले महीने शुरू हो रहा है, इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और अब टाइटल स्पॉन्सर की घोषणा हुई है।

WPL 2023: बीसीसीआई ने महिला प्रीमियर लीग को धमाकेदार बनाने के लिए पूरी तैयारी की है। नीलामी में दिग्गज खिलाड़ियों को खरीदे जाने के बाद अब टाइटल स्पॉन्सर और अन्य चीजों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। महिला प्रीमियर लीग का टाइटल स्पॉन्सर बीसीसीआई ने घोषित कर दिया है। बोर्ड सेक्रेटरी जय शाह ने ट्विटर पर इसका ऐलान किया। महिला प्रीमियर लीग की शुरुआत 4 मार्च से होनी है। फाइनल मुकाबला 26 मार्च को होगा।
पहले सीजन के लिए टाटा को टाइटल स्पॉन्सर बनाया गया है। बीसीसीआई सेक्रेटरी जय शाह ने कहा कि मुझे यह घोषणा करते हुए ख़ुशी हो रही है कि महिला प्रीमियर लीग के पहले सीजन के लिए टाटा ग्रुप टाइटल स्पॉन्सर होगा। शाह ने आगे कहा कि हमें भरोसा है कि उनके समर्थन से हम महिला क्रिकेट को अगले स्तर तक लेकर जाएंगे। गौरतलब है कि पुरुष आईपीएल में टाटा ग्रुप पहले से ही टाइटल स्पॉन्सर की भूमिका में है।
उल्लेखनीय है कि महिला प्रीमियर लीग में पांच टीमों के बीच मुकाबले होने हैं। हाल ही में नीलामी प्रक्रिया पूरी हुई है। इसमें कुल 87 महिला क्रिकेटरों के लिए बोली लगी थीं। सबसे बड़ी बोली भारतीय खिलाड़ी स्मृति मंधाना के लिए लगी थी। उनको आरसीबी ने 3 करोड़ 40 लाख रुपये की राशि में खरीदा है। मंधाना को टीम की कमान भी सौंपी गई है।
मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम और डीवाई पाटिल स्टेडियम में महिला प्रीमियर लीग के मैचों का आयोजन होगा। कुल 22 मुकाबले टूर्नामेंट में खेले जाएंगे। भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को मुंबई इंडियंस की टीम में शामिल किया गया है। उनको वहां कप्तान बनाया गया है।
गौरतलब है कि भारत में महिला प्रीमियर लीग का इंतजार काफी वर्षों से था। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया में बिग बैश लीग और इंग्लैंड में द हंड्रेड में महिलाओं की श्रेणी में लीग होती है। हालांकि भारतीय लीग हर मामले में उनसे बेहतर होने की उम्मीद है। आईपीएल की तरह यह लीग भी जल्दी ही एक ब्रांड बन सकती है।












Click it and Unblock the Notifications