T20 World Cup 2026: एक ही दिन में होंगे दोनों सेमीफाइनल? किस वजह से ICC ले सकती है यह बड़ा फैसला
T20 World Cup 2026 Semifinals: टी20 वर्ल्ड कप 2026 अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। जहां एक तरफ फैंस भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाली जंग का इंतजार कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ मौसम और आईसीसी के नियमों ने एक नई चर्चा छेड़ दी है। क्या वर्ल्ड कप के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले एक ही दिन खेले जाएंगे?
आईसीसी के आधिकारिक शेड्यूल के मुताबिक, पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होना है, जबकि दूसरा सेमीफाइनल (भारत बनाम इंग्लैंड) 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में तय है। अब ऐसा क्या है, जो दोनों मैच एक ही दिन तक खींच सकता है।

असली ट्विस्ट रिजर्व डे के नियम में है। अगर 4 मार्च को होने वाले पहले सेमीफाइनल में बारिश विलेन बनती है और मैच रद्द करना पड़ता है, तो आईसीसी के नियमों के अनुसार वह मैच अगले दिन यानी 5 मार्च को खेला जाएगा। ऐसी स्थिति में 5 मार्च को ही दोनों सेमीफाइनल मुकाबले आयोजित होंगे, जो ब्रॉडकास्टर्स और फैंस के लिए किसी सुपर संडे से कम नहीं होगा।
सेमीफाइनल के लिए ICC के कड़े नियम
10-10 ओवर का अनिवार्य खेल: आम तौर पर टी20 मैचों में परिणाम के लिए 5-5 ओवर का खेल जरूरी होता है। लेकिन सेमीफाइनल और फाइनल के लिए दोनों टीमों का कम से कम 10-10 ओवर खेलना अनिवार्य है।
अतिरिक्त समय: बारिश के कारण समय बर्बाद होने पर आईसीसी ने हर सेमीफाइनल मैच के लिए 250 मिनट का अतिरिक्त समय रखा है। यानी अंपायर करीब 4 घंटे से ज्यादा समय तक मैच शुरू होने का इंतजार कर सकते हैं।
अंक तालिका का फायदा: अगर रिजर्व डे पर भी मैच धुल जाता है और 10-10 ओवर का खेल संभव नहीं हो पाता, तो सुपर-8 की अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम को सीधे फाइनल का टिकट मिल जाएगा।
वानखेड़े में हाई वोल्टेज ड्रामा
5 मार्च को होने वाले भारत बनाम इंग्लैंड मैच पर पूरी दुनिया की नजरें हैं। भारत 2024 की अपनी जीत को दोहराना चाहता है, जबकि इंग्लैंड पिछली हार का बदला लेने को बेताब है। अगर पहला सेमीफाइनल भी इसी दिन शिफ्ट होता है, तो क्रिकेट की दुनिया के लिए यह सबसे बड़ा दिन साबित होगा, हालांकि यह महज समीकरण है, बारिश आना जरूरी नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications