सुपर 8 के पहले मैच में इस टीम से होगा भारत का सामना, जानिए कब और कहां होगा मुकाबला
T20 World Cup 2024, India Next Match: भारतीय टीम कनाडा के खिलाफ ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में मैदान में नहीं उतर सकी। खराब मौसम के कारण यह मुकाबला बारिश के भेंट चढ़ गया। टी-20 वर्ल्ड कप में अब भारतीय टीम अपना अगला मुकाबला अफगानिस्तान के खिलाफ खेलने वाली है। लगातार तीन मुकाबला जीतने के बाद भारतीय टीम सुपर 8 के लिए क्वालीफाई करने में कामयाब रही है।
अफगानिस्तान से होगा सामना
सुपर 8 में भारतीय टीम का पहला मुकाबला अफगानिस्तान से होना है। अफगानिस्तान की टीम को भारतीय खिलाड़ी हल्के में नहीं ले सकते हैं। अफगानिस्तान ने न्यूजीलैंड को एकतरफा अंदाज में हराकर सभी को हैरान कर दिया। अफगानिस्तान के पास कई मैच विनर खिलाड़ी मौजूद हैं। जो गेंद और बल्ले दोनों से ही भारत के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं।

जानिए कब और कहां होगा मुकाबला
भारत और अफगानिस्तान के बीच सुपर 8 का यह मुकाबला बारबाडोस में 20 जून को रात 8 बजे खेला जाएगा। अफगानिस्तान की टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप में अपने प्रदर्शन से सभी को खासा प्रभावित किया है। अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान भारत के खिलाड़ियों को अच्छी तरह से जानते हैं। आईपीएल में लंबे समय से खेलने वाले राशिद खान भारतीय टीम के लिए सिर दर्द साबित हो सकते हैं।
रोहित-विराट से रनों की उम्मीद
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और पूर्व कप्तान विराट कोहली मौजूदा समय में फॉर्म में नहीं हैं। इन दोनों ही खिलाड़ियों ने टी-20 वर्ल्ड कप की शुरुआती मुकाबले में बल्ले के साथ निराश किया है। पाकिस्तान के खिलाफ विराट कोहली और रोहित शर्मा काफी जल्दी आउट होकर पवेलियन लौट गए थे। हालांकि न्यूयॉर्क का नासाऊ स्टेडियम बल्लेबाजों के लिए काफी मुश्किल भरा था। बारबाडोस में भारतीय टीम को अपने दोनों बड़े खिलाड़ियों से रनों की उम्मीद होगी।
ऑस्ट्रेलिया से भी होगा सामना
अफगानिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम मुकाबले को जीतकर सेफाइनल की तरफ अपने कदम को बढ़ाना चाहेगी। अफगानिस्तान के अलावा भारतीय टीम को सुपर 8 में दो और मुकाबले खेलने हैं। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी सुपर 8 में उतरने वाली है। ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच होने वाला मुकाबला कांटेदार साबित होगा। पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप 2023 में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने भारतीय टीम को फाइनल में पटखनी दी थी।












Click it and Unblock the Notifications