IND vs PAK: 'विराट कोहली के जूते के बराबर भी नहीं हैं बाबर आजम', मैच से पहले फूटा पाकिस्तानी दिग्गज का गुस्सा
T20 World Cup 2024, IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच 9 जून यानी रविवार को टी-20 वर्ल्ड कप का एक अहम मुकाबला खेला जाना है। दोनों टीमों के लिए यह मैच जीतना बेहद जरूरी है। खास तौर पर पाकिस्तान को अगर सुपर 8 में क्वालीफाई करना है तो भारत को हर हाल में हराना होगा। पाकिस्तान की शुरुआत टी-20 वर्ल्ड कप में बेहद ही निराशाजनक रही है। अपने पहले ही मुकाबले में पाकिस्तान की टीम को यूएसए से हार का सामना करना पड़ा था।
बाबर-कोहली में कौन बेहतर
भारत के खिलाफ होने वाले मैच से पहले लगातार पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज गेंदबाज दानिश कनेरिया ने मैच से पहले बाबर आजम को लेकर कुछ बातों का जिक्र किया है। कनेरिया से बाबर आजम और विराट कोहली को लेकर सवाल पूछा गया। कोहली-बाबर में से कौन सा खिलाड़ी बेहतर है? इस पर दानिश कनेरिया ने जो जवाब दिया वह फैंस के बीच सुर्खियां बटोर रहा है।

'विराट कोहली के जूते के बराबर भी नहीं हैं बाबर आजम'
दरअसल, भारत पाकिस्तान मैच से पहले दानिश कनेरिया ने आईएनएस से कहा कि जैसे ही बाबर आजम शतक लगाते हैं अगले दिन विराट कोहली से उनकी तुलना शुरू हो जाती है। वह विराट के जूते के बराबर भी नहीं हैं। दानिश ने बताया कि यूएसए के गेंदबाजों के आगे बाबर की एक भी नहीं चली। वह उन गेंदबाजों को खेलने में सफल नहीं हो सके। जैसे ही वह 44 रन पर पहुंचे आउट होकर पवेलियन लौट गए। उन्हें यह मैच जीतना चाहिए था।
भारत को मिलेगी जीत
भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर दानिश कनेरिया ने कहा कि भारत के खिलाफ पाकिस्तान की टीम बुरी तरह हार झेलने वाली है। वह भारत को हराने में सक्षम नहीं है। जब भी पाकिस्तान वर्ल्ड कप में आता है तो अपनी गेंदबाजी की प्रशंसा करता है। लेकिन अहम मौकों पर गेंदबाजों की वजह से ही टीम को हार झेलनी पड़ती है। बता दें कि पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली और पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम में से कौन बेहतर बल्लेबाज है, इस पर अक्सर बहस होती रही है। जिस पर दिग्गजों की अलग-अलग राय है।












Click it and Unblock the Notifications