ऑस्ट्रेलिया आने से पहले ना तैयारी की, ना कोई वीडियो देखा, विराट कोहली ने बताया अपनी सफलता का राज
विराट कोहली (Virat Kohli) को आप कई बार नेट्स में बल्ला भांजते हुए देखेंगे। वे वहां पर वाकई में कड़ी मेहनत करते हैं। फोकस इतने रहते हैं कि आसपास देख रही भीड़ को भी शोर ना करने के लिए साफ कह देते हैं। कोहली उन खिलाड़ियों में नहीं हैं जो किसी टूर या टूर्नामेंट की तैयारियां पहले ही करकर आते हैं। वे मौके पर ही चीजों को परखते हैं और फिर नेट्स में जाकर देखते हैं क्या बदलाव करने की जरूरत है, किन चीजों पर काम करने की दरकार है।

किसी चुनौती के लिए कोई तैयारी नहीं की
सब जानते हैं टी20 वर्ल्ड कप ऐसी जगह होने जा रहा था जो भारत की तुलना में एकदम विपरीत चुनौती पेश करती है। यहां की पाटा विकेट और स्विंग नदारद तो वहां की तेज पिच और बाउंस मौजूद। टी20 में पिच से मजे लूटने के लिए रिवर्स स्विंग का वेट नहीं करना पड़ता क्योंकि गेंद उतनी पुरानी कभी होती ही नहीं बल्कि यहां तो नई गेंद का कोई स्पैल पूरे मैच का ही पासा पलट सकता है।
कोहली ने ऑस्ट्रेलिया रवाना होने से पहले ऐसी किसी चुनौती के लिए कोई तैयारी नहीं की। उन्होंने बहुत सारे वीडियो देखने से भी इंकार कर दिया। उनका मानना है कि कब क्या करना है ये तब पता चलता है जब आप उस स्थिति में आ चुके होते हैं। उन्होंने ये बात स्टार स्पोर्ट्स पर जतिन सप्रू के साथ इंटरव्यू के दौरान कही।

मैं वीडियो देखना पसंद नहीं करता
कोहली कहते हैं, ये सब दिमागी गेम है। अगर आप पेस और बाउंस के बारे में ज्यादा सोचना शुरू कर देंगे तो आपको अहसास होने लगेगा कि बाउंस हो रहा है। मैं वीडियो देखना पसंद नहीं करता। मैं नेट्स में वर्क करने की कोशिश करता हूं। उसके बाद ही आप ये समझना शुरू कर देते हैं कि आपको क्या एडजस्टमेंट करने हैं। आप यहां आने से पहले तैयार नहीं हो सकते।
एशिया कप के बाद कोहली एक और सपनों सरीखा टूर्नामेंट जी रहे हैं। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने खुदा सरीखी 53 गेंदों पर 82 रनों की पारी खेल दी तो नीदरलैंड्स के खिलाफ एक और शांत अर्धशतक बनाकर खुद को प्रतियोगिता में ऐसा बल्लेबाज बना दिया जिसको आउट करना अभी किसी गेंदबाज के लिए बाकी है।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक और चुनौती
कोहली कल यानी 30 अक्टूबर को एक और कड़े मैच से गुजरने जा रहे हैं जो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होना है। यह मैच काफी हद तक भारतीय टीम के साथ विराट कोहली की फॉर्म पर भी बहुत सारी स्पष्टता जाहिर कर देगा। यहां परफॉर्म हुआ तो टीम इंडिया की वर्ल्ड कप गाड़ी आसमान की सवारी पर होगी। फिलहाल टीम इंडिया अपने दोनों मैच जीतकर टॉप पर बैठी है।












Click it and Unblock the Notifications