T20 World cup 2022 के टॉप स्कोरर रहे विराट कोहली, टॉप 5 में एक और भारतीय का नाम है शामिल
टी20 वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर दूसरी बार टी20 चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया है और इसी के साथ इस विश्व कप का समापन हो गया है। इस विश्व कप में भारतीय टीम के लिए सबकुछ उम्मीदों के मुताबिक न रहा हो, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड तो भारतीय के नाम ही रहा है। जी हां, विश्व कप के समापन के साथ ही पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बनकर सामने आए हैं। इस विश्व कप में विराट कोहली ने 98.66 की औसत और 136.40 के स्ट्राइक रेट से सबसे अधिक 296 रन बनाए हैं। इसमें कोहली की 4 हाफ सेंचुरी भी शामिल हैं।

कोहली के लिए शानदार रहा यह विश्व कप
विराट कोहली के लिए यह टूर्नामेंट शानदार रहा। उन्होंने पूरे विश्व कप में धमाकेदार बल्लेबाजी की। इस विश्व कप से पहले कोहली ने एशिया कप में अपना फॉर्म हासिल किया था, जिसे उन्होंने टी20 विश्व कप में भी जारी रखा। 34 वर्षीय कोहली ने इस टी20 विश्व कप के पहले ही मैच में पाकिस्तान के खिलाफ 82 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी। इस पारी की बदौलत उन्होंने अपनी टीम को जीत भी दिलाई थी। कोहली ने इसके बाद भी कई मैचों में अहम पारियां खेलीं। यहां तक कि सेमीफाइनल जैसे बड़े मैच में भी कोहली के बल्ले से 50 रन की पारी निकली।
टॉप 5 में एक और भारतीय का नाम है शामिल
टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर में कोहली के बाद नीदरलैंड के मैक्स ओ'डॉड हैं, जिन्होंने 8 पारियों में 34.57 की औसत से 242 रन बनाए। डॉड के बाद टीम इंडिया के ही सूर्यकुमार यादव तीसरे स्थान पर हैं। सूर्यकुमार ने 6 पारियों में 59.75 के औसत से 239 रन बनाए। इंग्लैंड के जोस बटलर चौथे स्थान पर हैं। उनके नाम 6 पारियों में 225 रन रहे। पांचवे स्थान पर कुसल मेंडिस हैं, जिन्होंने 8 पारियों में 31.85 की औसत से 223 रन बनाए।












Click it and Unblock the Notifications