लास्ट ओवर में शमी को बॉल दी, देखो उन्होंने क्या किया, रोहित ने बताया ये तो शुरू से था प्लान का हिस्सा
भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने मोहम्मद शमी के प्रयास की सराहना की है जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम इंडिया के पहले वार्म-अप मुकाबले में आखिरी ओवर में हीरो सरीखा प्रदर्शन किया और भारत को जीत दिलाई। शमी का 20वां ओवर सनसनीखेज रहा और सोमवार को हुए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने कंगारूओं को छह रनों से मात देने में सफलता हासिल की।
शमी कोविड से रिकवर होकर आए हैं। उन्होंने अपना अंतिम गेम जुलाई में खेला था। वर्ल्ड कप में उनके सामने मैच फिटनेस हासिल करने की चुनौती है।

मोहम्मद शमी का कोविड के बाद डाला गया ओवर
हमने आखिरी ओवर में शमी को यॉर्कर पर यॉर्कर डालते हुए देखा। उनको इस ओवर में एक रन आउट के अलावा तीन विकेट मिले जिसने भारत की जीत को तय किया। असल में शमी ने पूरे मैच के दौरान एक ही ओवर फेंका था और वह था आखिरी ओवर। रोहित शर्मा ने अपने इस मूव से लोगों को सरप्राइज किया।
रोहित का कहना है कि, सुधार की गुंजाइश है, लेकिन मैं गेंदबाजों से और कंसिस्टेंसी चाहता हूं। आपको चीजों को सिंपल रखना है और डेक को हार्ड हिट करना है। कुल मिलाकर हमारे लिए अच्छा गेम रहा, उनके पास बढ़िया साझेदारी थी जिसने हमें प्रैशर में डाला।

शमी को एक चैलेंज देना चाहते थे- रोहित शर्मा
मोहम्मद शमी को लेकर रोहित ने खुलासा किया कि उनका प्लान शुरू से शमी को डेथ ओवर में बॉलिंग देने का था। शमी के मैच विजेता प्रयास पर बात करते हुए रोहित ने कहा, वह काफी लंबे समय बाद वापसी कर रहे हैं, तो हम उनको एक ओवर देना चाहते थे। उनको एक चैलेंज देना चाहते थे और आखिरी ओवर करने को दिया, फिर आपने देखा उन्होंने क्या किया।
इससे पहले भारत की ओर से केएल राहुल ने 33 गेंदों पर 57 और सूर्युकमार यादव ने 33 गेंदों पर 50 रनों की पारी खेली जिसने भारत को 7 विकेट के नुकसान पर 186 रन बनाने में मदद की। गाबा में हुए मुकाबले के बाद भारत को अगला मैच इसी मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलना है।

न्यूजीलैंड के बाद फिर पाकिस्तान से होगा मैच
इसके बाद टीम को 23 अक्टूबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से सुपर 12 की शुरुआत करनी है। फिलहाल वर्ल्ड कप के क्वालिफायर मुकाबले जारी हैं जहां एक के बाद एक उलटफेर जारी है। पहले दिन नामिबिया ने एशिया कप विजेता श्रीलंका को मात दी और फिर अगले दिन स्कॉटलैंड ने वेस्टइंडीज को।












Click it and Unblock the Notifications