वर्ल्ड कप में एडिलेड में पॉवरप्ले में फुस्स इंडियन बॉलिंग, बाकी मैदान से एकदम अलग है सूरतेहाल
भारतीय क्रिकेट टीम T20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल (T20 World Cup Semifinal) मुकाबले को हारकर बाहर हो चुकी है। अब करोड़ों फैंस का भारत बनाम पाकिस्तान फाइनल मुकाबला देखने का सपना भी चकनाचूर हो गया है तो वहीं पाक टीम के सामने 1992 का इतिहास फिर से दोहराया जा रहा है क्योंकि वह फिर से मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में इंग्लैंड की टीम के सामने होंगे। टीम इंडिया ने जब टॉस हार कर पहले बल्लेबाजी की तब उनकी शुरुआत भी काफी धीमी रही थी। शुरू के 10 ओवर में केवल 62 ही रन बनाए गए थे। भारतीय टीम को यह गलती बाद में हार्दिक पांड्या द्वारा आतिशबाजी करने के बावजूद बहुत भारी पड़ी।

शुरू से ही टॉप गियर में बल्लेबाजी की
अंग्रेजों ने 169 रनों के टारगेट को तेज करने के लिए शुरू से ही टॉप गियर में बल्लेबाजी की और इसका फायदा उनको मिला जिसके चलते उन्होंने शुरुआती ओवर से लेकर ही भारत को मैच से बाहर रखा। टीम इंडिया की गेंदबाजी में कोई धार नहीं दिखाई दी और एडिलेड ओवल के मैदान पर उन्होंने एक बार फिर से इस वर्ल्ड कप में काफी रन खर्च कर दिए।

पावरप्ले में इंग्लैंड से मात खा चुकी थी टीम
भारतीय क्रिकेट टीम अपनी गेंदबाजी के दौरान पावरप्ले में इंग्लैंड से मात खा चुकी थी। अंग्रेजों ने इस दौरान बिना किसी नुकसान के 63 रन बना दिए थे। इसी वर्ल्ड कप में एडिलेड में एक और मैच खेला गया था तब भी भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ काफी लचर प्रदर्शन किया था। बांग्लादेश ने एडिलेड में टीम इंडिया की गेंदबाजी के खिलाफ बिना किसी विकेट के 60 रन बना लिए थे। अगर बाकी मैदानों में टीम इंडिया के किए गए प्रदर्शन पर नजर डालें तो यह परफॉर्मेंस काफी फीकी दिखाई देती है।

एडिलेड में भारतीय क्रिकेट टीम की गेंदबाजी की हालत पतली
इस वर्ल्ड कप में भारत ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में पाकिस्तान के खिलाफ पावरप्ले में 32 रन देकर दो विकेट हासिल किए थे। इसके बाद सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में उन्होंने नीदरलैंड के खिलाफ केवल 27 रन खर्च करके 2 विकेट हासिल किए जबकि पर्थ में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 24 रन देकर तीन विकेट लिए थे। भारत का अगला मैच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में हुआ जहां जिंबाब्वे के खिलाफ तीन विकेट लेते हुए केवल 28 रन दिए।
इससे पता चलता है कि वर्ल्ड कप में एडिलेड में भारतीय क्रिकेट टीम की गेंदबाजी की हालत पतली हो जाती है। यही वजह है जब पिछली बार भारत यहां बांग्लादेश के खिलाफ खेला था तो जीत का अंतर केवल 5 रन का था। अगर बारिश ना आती तो बांग्लादेश की टीम शायद यह मुकाबला भारत से छीन भी सकती थी।












Click it and Unblock the Notifications