T20 World Cup 2022: ब्रिस्बेन में बारिश की वजह से भारत का आखिरी वॉर्म अप मैच रद्द, न्यूजीलैंड से था मुकाबला
T20 World cup 2022 भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला वॉर्म अप मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया है। आपको बता दें कि ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर अफगानिस्तान और पाकिस्तान का मुकाबला भी चल रहा था, लेकिन बारिश ने इस मैच में खलल डाला। लगातार हो रही बारिश की वजह से अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच चल रहा वॉर्म अप मैच भी बेनतीजा रहा तो वहीं भारत और न्यूजीलैंड के बीच वॉर्म अप गेम का टॉस भी नहीं हो पाया।

दोनों टीमों का आखिरी वॉर्म मैच था
आपको बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप में अपने सफर का आगाज करने से पहले दोनों ही टीमों का यह दूसरा और आखिरी वॉर्म अप मैच था। जहां एक तरफ न्यूजीलैंड अपना पिछला वॉर्म अप गेम हार गई थी तो वहीं टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को अपने पिछले गेम में हराया था। न्यूजीलैंड को दक्षिण अफ्रीका के हाथों हार का सामना करना पड़ा था, जबकि भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 6 रन से मात दी थी।
अफगानिस्तान-पाकिस्तान मैच भी रहा बेनतीजा
आपको बता दें कि गाबा के मैदान पर भारत और न्यूजीलैंड के मैच से पहले अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच मैच चल रहा था, लेकिन पाकिस्तान की पारी के तीसरे ही ओवर में बारिश आ गई और उसके बाद तो बारिश ने रूकने का नाम ही नहीं लिया। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के मैच का कोई नतीजा नहीं निकला और उसके बाद भारत-न्यूजीलैंड के बीच का मैच भी बारिश की भेंट चढ़ गया।
23 अक्टूबर को भारत-पाकिस्तान मैच
आपको बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप 2022 में भारत का पहला मैच 23 अक्टूबर को पाकिस्तान से है। 22 अक्टूबर से टूर्नामेंट के सुपर 12 राउंड के मुकाबले शुरू होंगे, जिसमें पहला मैच ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। उसी दिन इंग्लैंड और अफगानिस्तान का भी मैच होगा।












Click it and Unblock the Notifications