Ind vs Ban Playing 11: बांग्लादेश के खिलाफ बदलाव की उम्मीद, कप्तान रोहित ले सकते हैं बड़ा फैसला
भारत और बांग्लादेश (IND vs BAN) के बीच बुधवार को एडिलेड ओवल में बड़ा मुकाबला खेला जाना है। भारतीय टीम के लिहाज से इस मुकाबले को जीतना जरूरी है।
T20 World Cup 2022 India vs Bangladesh, IND vs BAN T20 Playing 11: भारत और बांग्लादेश (IND vs BAN) के बीच बुधवार को एडिलेड ओवल में बड़ा मुकाबला खेला जाना है। भारतीय टीम के लिहाज से इस मुकाबले को जीतना जरूरी है। भारत को पिछले मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, ऐसे में टीम के लिए यह मुकाबला जीतना अहम हो गया है।

रोहित शर्मा कर सकते हैं टीम में बदलाव
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा बांग्लादेश के खिलाफ युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल और ऋषभ पंत को टीम में मौका दे सकते हैं। दिनेश कार्तिक की फिटनेस को लेकर अभी तक कोई अपडेट सामने नहीं आई है। ऐसे में ऋषभ पंत दिनेश कार्तिक की जगह टीम में जगह बना सकते हैं। वहीं आर अश्विन की जगह युजवेंद्र चहल को मौका दिया जा सकता है। जबकि दीपक हुड्डा के बदले अक्षर पटेल टीम में शामिल हो सकते हैं।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ महंगे रहे थे अश्विन
भारतीय तेज गेंदबाज शुरुआती ओवरों में विकेट चटकाने में सफल रहे हैं। लेकिन बीच के ओवरों में टीम के स्पिन गेंदबाजों ने निराश किया है। खासतौर पर आर अश्विन अपनी लय में नजर नहीं आ रहे हैं। लिहाजा अश्विन की जगह युजवेंद्र चहल को रोहित शर्मा टीम में ला सकते हैं। युजवेंद्र चहल भारत के विकेट टेकर गेंदबाज हैं, बीच के ओवरों में विकेट निकालना उन्हें बखूबी आता है।

भारत को हर हाल में चाहिए जीत
अगर भारत यह मैच जीत जाता है, तो प्वॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच जाएगा और साथ ही उसका सेमीफाइनल में पहुंचना भी लगभग पक्का हो जाएगा। यही वजह है कि कप्तान रोहित शर्मा इस मुकाबले में किसी तरह की लापरवाही बरतने के मूड में नहीं हैं। केएल राहुल पर भी इस मैच में रन बानने का दबाव होगा। वह पिछली तीन पारियों में बल्ले से नाकाम रहे हैं।

जानें दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत: केएल राहुल, रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, ऋषभ पंत, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार।
बांग्लादेश: शाकिब अल हसन (कप्तान), नजमुल शंटो, सौम्य सरकार, लिटन दास, यासिर अली, अफिफ हुसैन, नूरुल हसन, मुस्तफिजुर रहमान, तस्कीन अहमद, मोसादिक हुसैन, हसन महमूद।












Click it and Unblock the Notifications