Ben Stokes ने फिर किया साबित कि वो हैं बड़े मंच के बड़े खिलाड़ी, 2019 की तरह खेली यादगार पारी
टी20 वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर दूसरी बार वर्ल्ड चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया है। 138 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही इंग्लैंड के लिए यह लक्ष्य हासिल करना बिल्कुल भी आसान नहीं रहा, लेकिन ऑलराउंडर बेन स्टोक्स इस जीत के हीरो साबित हुए। उन्होंने फाइनल मुकाबले में 52 रनों की धैर्यपूर्ण पारी खेलकर ना सिर्फ अपनी टीम को जीत दिलाई बल्कि उन्होंने यह भी साबित कर दिया कि वो बड़े मंच के बड़े खिलाड़ी हैं। टी20 विश्व कप के आगाज से पहले वनडे फॉर्मेट को अलविदा कहने वाले स्टोक्स ने ही 2019 वनडे विश्व कप में इंग्लैंड को चैंपियन बनाने का काम किया था और आज उन्होंने टी20 फॉर्मेट में अपनी टीम को फिर से यह खिताब दिला दिया।
Recommended Video

बेन स्टोक्स ने की दो अहम साझेदारियां
बेन स्टोक्स टी20 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड की जीत के सूत्रधार बने। जिस वक्त वो बल्लेबाजी करने आए थे तो उस वक्त उनकी टीम का स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 32 रन था। इसके बाद स्टोक्स ने एक छोर को संभाले रखा और आखिर तक बल्लेबाजी कर न सिर्फ अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की बल्कि अपनी टीम को जीत दिलाकर ही लौटे। स्टोक्स ने 49 गेंदों में 52 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 5 चौके और 1 छक्का लगाया। बेन स्टोक्स ने पहले हैरी ब्रूक के साथ 39 रनों की साझेदारी की। इसके बाद उन्होंने मोईन अली के साथ पांचवें विकेट के लिए 48 रनों की पार्टनरशिप की, जिसकी बदौलत ही इंग्लैंड को जीत मिली।
2019 में भी जीत के हीरो बने थे बेन स्टोक्स
आपको बता दें कि बेन स्टोक्स ने 2019 विश्व कप के फाइनल में भी ऐसी ही अहम पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी। 2019 वर्ल्ड कप के फाइनल में बेन स्टोक्स ने 98 गेंदों में 84 रन की नाबाद पारी खेली थी। यह मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ था। इंग्लैंड की टीम 242 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी और उसकी शुरुआत खराब रही थी। 100 रन के अंदर ही इंग्लैंड के 4 विकेट गिर गए थे। 5वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए बेन स्टोक्स ने बटलर के साथ मिलकर अहम साझेदारी की थी। बटलर ने इस मैच में 60 गेंदों के अंदर 59 रन की पारी खेली थी। बेन स्टोक्स की इस अहम पारी की बदौलत ही इंग्लैंड ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराया था।












Click it and Unblock the Notifications