चेन्नई के कार्तिक मयप्पन ने UAE के लिए ली इस टी20 विश्व कप की पहली हैट्रिक, जानिए कौन है यह युवा गेंदबाज
T20 World Cup 2022 के 6वें मुकाबले में श्रीलंका का मुकाबला यूएई से है। दोनों टीमें अपना पहला मैच हार चुकी हैं। यूएई को नीदरलैंड ने जबकि श्रीलंका को नामीबिया ने हराया था। इस हिसाब से दोनों टीमों के लिए आज का मैच काफी महत्वपूर्ण है। इस मैच में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएई को 153 रनों का लक्ष्य दिया है। यूएई के 22 वर्षीय युवा गेंदबाज कार्तिक मयप्पन ने इस मैच में हैट्रिक ले ली है।

मयप्पन ने इन तीन गेंदबाजों को किया आउट
मूल रूप से चेन्नई के रहने वाले कार्तिक मयप्पन लेग स्पिन गेंदबाज हैं और उन्होंने आज श्रीलंका के बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त करने का काम किया। आपको बता दें कि मयप्पन की यह हैट्रिक टी20 विश्व कप 2022 की पहली हैट्रिक है। मयप्पन ने श्रीलंकाई पारी के 15वें ओवर में भानुका राजपक्षे, चरित असलांका और कप्तान दसुन शनाका को आउट किया।

15वें ओवर में सबकुछ कैसे हुआ ?
कार्तिक मयप्पन ने पहले भानुका राजपक्षे को आउट किया। 15वें ओवर की चौथी गेंद पर कार्तिक ने आउटसाइड ऑफ के बाहर गेंद डाली। भानुका ने इस गेंद पर सिक्स मारना चाहा, लेकिन गेंद मिस हो गई और डीप में खड़े फील्डर ने एक आसान सा कैच पकड़ लिया। इसकी अगली गेंद पर चरित असलांका एक गूगली गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर कप्तान दसुन शनाका भी बोल्ड हो गए और कार्तिक ने तीसरा विकेट अपने नाम कर लिया। कार्तिक ने अपने 4 ओवर के स्पेल में 19 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।

कौंन हैं कार्तिक मयप्पन?
मूल रूप से भारत में चेन्नई के रहने वाले कार्तिक मयप्पन की पढ़ाई-लिखाई दुबई में हुई है। कार्तिक का जन्म चेन्नई में हुआ था, लेकिन वो पले-बढ़े दुबई में हैं, जहां वो द विनचेस्टर स्कूल, जेबेल अली से पढ़े हैं। कार्तिक ने 2019 में अंडर 19 वर्ल्ड कप खेलते हुए अपने क्रिकेट करियर को शुरू किया था। इसके अलावा कार्तिक 2019 ACC U19 एशिया कप और बांग्लादेश में 2018 ACC U19 एशिया कप में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की कप्तानी कर चुके हैं।

टी20 विश्व कप में हैट्रिक लेने वाले गेंदबाज
आपको बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में हैट्रिक लेने वाले कार्तिक मयप्पन पांचवें गेंदबाज बने हैं। टी20 वर्ल्ड कप की पहली हैट्रिक पूर्व ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ब्रेट ली ने 2007 में बांग्लादेश के खिलाफ ली थी। वहीं दूसरी हैट्रिक आयरलैंड के कर्टिस कैंपर ने 2021 टी20 विश्व कप में नीदरलैंड्स के खिलाफ ली थी। श्रीलंका के तेज गेंदबाज वानिंदु हसरंगा ने भी पिछले टी20 वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हैट्रिक ली थी। पिछले विश्व कप में ही कगिसो रबाडा ने भी इंग्लैंड के खिलाफ हैट्रिक ली थी।












Click it and Unblock the Notifications