'T20 के फाइनल में शाहीन को पेनकिलर लेनी चाहिए थी'..अख्तर की ये बात सुनते ही अफरीदी को लगी मिर्ची, देखें Video
Shahid Afridi vs Shoaib Akhtar : टी20 वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल में पाकिस्तान की हार आज भी उनके दिग्गजों को चुभ रही है। 13 साल बाद फाइनल में जगह बनाने वाले पाकिस्तान को इंग्लैंड की टीम ने पांच विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा कर लिया था। इस हार के पीछे दिग्गजों ने सबसे बड़ा कारण पाकिस्तानी गेंदबाजों का फेल होना बताया है, फाइनल मैच में पाक स्टार शाहीन अफरीदी की चोट को खिताब हारने की मुख्य वजहों में एक कहा गया है। जिसे लेकर पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने कुछ ऐसी तीखी बातें कहीं, जिसे सुनकर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी को गुस्सा आ गया और वो अख्तर पर भड़क उठे।

दरअसल शोएब अख्तर ने जी न्यूज से बात करते हुए कहा कि 'शाहीन को किसी भी हालत में मैदान छोड़कर बाहर नहीं जाना चाहिए था। उसे पेनकिलर खाकर मैदान पर रहना चाहिए था। ये विश्नकप का फाइनल था। उन्होंने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि सच तो ये है कि शाहीन कभी भी पूरी तरह से फिट नहीं था, हालांकि उसने पिछले दो-तीन मैचों में बढ़िया गेंदबाजी की थी। अगर आपका पैर भी टूट गया होता तो भी आपको मैदान पर रहना था लेकिन शायद यह हमारी किस्मत में नहीं था।'

आपको बता दें कि मैच में शाहीन अफरीदी अपने तीसरे ओवर की पहली गेंद करने के बाद ही पवेलियन लौट गये थे, उनके बचे ओवरों को इफ्तिखार अहमद ने पूरा किया। जिस वक्त अफरीदी फील्ड से बाहर गए थे, उस वक्त ही पाकिस्तान के हाथ से मैच निकल गया था।

शोएब अख्तर की इस बात का पर शाहीन ने तो कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है लेकिन पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी को ये बात अच्छी नहीं लगी। उन्होंने सामना टीवी पर शोएब अख्तर के इस स्टेटमेंट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 'नहीं...नहीं...नहीं.... मैं नहीं समझता की ये जायज बात थी। पेनकिलर केवल आखिरी सहारा होता है। हमने कई दफा किया है ये, लेकिन उसके भी साइड इफेक्टस होते हैं, आप दवा खाते हैं तो उस समय तो आपको दर्द से निजात मिल जाती है लेकिन दवा का असर खत्म होते ही वो दर्द और बढ़ जाता है।'

'शाहीन अभी काफी यंग हैं और उन्हें अभी काफी क्रिकेट खेलनी है, वो दवा खाकर कैसे दौड़ सकते थे?मैंने शोएब के साथ खेला हूं, बहुत सारे खेल के वक्त वो पेनकिलर लेता था लेकिन अख्तर मानसिक रूप से काफी मजबूत खिलाड़ी रहा है, इसी वजह से वो इंजरी सहने के बाद भी इतना लंबा खेल पाया लेकिन अफरीदी के संदर्भ में उसके बयान से बिल्कुल भी सहमत नहीं हूं। दर्द निवारक दवाओं का शरीर पर बहुत अधिक दुष्प्रभाव होता है और इसे केवल मेडिकल एडवाइस पर लेना चाहिए।' अफरीदी का ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है लोग जमकर इस पर कमेंट कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications